अवधी गायक संजय यदुवंशी पर सुलतानपुर में मुकदमा दर्ज, झूठ बोलकर युवक को बुलाकर राड से पीटने का आरोप
सुलतानपुर के अमहट चौराहे पर अवधी गायक संजय यदुवंशी और उसके भाई समेत चार लोगों पर एक युवक को झूठी सूचना देकर बुलाकर रॉड से पीटने का आरोप लगा है।

HighLights
झूठी सूचना देकर युवक शबीब रजा को बुलाया गया।
अमहट चौराहे पर रॉड और डंडों से बुरी तरह पीटा।
अवधी गायक संजय यदुवंशी सहित चार पर एफआईआर।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। अमहट चौराहे पर अवधी गायक संजय यदुवंशी, उसके भाई और अन्य ने झूठी सूचना देकर पांच सितंबर की रात युवक को बुलाया। युवक पहुंचा तो लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। यह आरोप लगाते हुए युवक के पिता ने कोतवाली नगर में गायक समेत अन्य के खिलाफ मारपीट व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
अमहट के तुराबखानी निवासी जफरुल हसन ने बताया कि उनका बेटा शबीब रजा विदेश में रहकर नौकरी करता है। बीते महीने वह छुट्टी पर घर आया था। आरोप है कि पांच सितंबर की रात एक बजे से 1:27 बजे के बीच शादाब जुबैर पठान जिला पंचायत सदस्य नाम की इंस्टाग्राम आईडी से बेटे को कई काल आए।
फोन करने वाले ने कहा कि आपके दोस्त छोटू का अमहट में एक्सीडेंट हो गया है। बेटा अमहट चौराहे पर पहुंचा तो पहले से वहां मौजूद पांचोपीरन निवासी शादाब पठान, धम्मौर के अहिरन पुरवा निवासी गायक संजय यदुवंशी, उसका भाई शिवा यदुवंशी और सचिन कोरी अज्ञात साथियों के साथ स्कार्पियो, सफारी और थार लिए खड़े थे।
संजय के यूट्यूब पर लगभग 14 लाख फालोवर हैं। बेटे को देखते ही आरोपितों ने राड और डंडे से हमला कर दिया। भीड़ जुटी तो आरोपित मौके से भाग गए। पीड़ित ने सूचना परिवारजन को दी। क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि संजय व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
