विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि केस में आज आएगा फैसला, सुलतानपुर कोर्ट पेश होंगे कांग्रेस नेता

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:15 AM (IST)

राहुल गांधी पर चल रहे मानहानि के मुकदमे में आज सुलतानपुर कोर्ट में फैसला आएगा। फैसले के दौरान राहुल गांधी कोर्ट में मौजूद रहेंगे।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी। (तस्वीर- फाइल)

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी। (तस्वीर- फाइल)

HighLights

  1. राहुल गांधी मानहानि केस में आज आएगा फैसला।

  2. सुलतानपुर कोर्ट में राहुल गांधी रहेंगे उपस्थित।

  3. पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से सुलतानपुर पहुंचेंगे राहुल गांधी।

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व रायबरेली के सांसद राहुल गांधी पर चल रहे मानहानि के मुकदमे में 26 अक्टूबर को निर्णय होगा। एमपीएमएलए मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने पक्ष और विपक्ष की दलीलों को सुनकर पत्रावली को निर्णय के लिए सुरक्षित कर लिया था। फैसले के समय कोर्ट में राहुल गांधी मौजूद रहेंगे।

यह मुकदमा कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी की प्रेस वार्ता से संबंधित है। जिसमें आरोप है कि तत्कालीन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान गृहमंत्री अमित शाह के संबंध में एक विवादित बयान दिया था।

इसी बयान से आहत होकर स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने दीवानी न्यायालय में परिवाद दाखिल किया। गवाहों व आरोपित के बयान के बाद प्रकरण कांग्रेस नेता की आवाज मिलान के बिंदु पर उच्च न्यायालय तक गया, लेकिन परिवादी की याचिका निरस्त हो गई।

बचाव पक्ष के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल व अभियोजन के अधिवक्ता संतोष पांडेय की लम्बी बहस व कानूनी दलीलों के बाद दो पेशियों से शेष बहस में चल रहा था। अब निर्णय की 26 अक्टूबर की पेशी नियत की गई है।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते आएंगे

जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा व प्रदेश प्रवक्ता राजेश तिवारी ने बताया कि नेता विपक्ष राहुल गांधी सोमवार की सुबह 11 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते यहां आएंगे। उनके जगह-जगह स्वागत की तैयारी की गई है।

रविवार को बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में पूर्व राष्ट्रीय सचिव बीपी सिंह, शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, पूर्व जिला प्रभारी अनीश खान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओपी चौधरी, वरुण मिश्रा, अनवर अंसारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- 4 नवंबर को पंजाब आएंगे राहुल गांधी, CM भगवंत मान के गढ़ से भरेंगे चुनावी हुंकार