विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुलतानपुर में जमीन को लेकर सगे भाइयों में जमकर चले लाठी-डंडे, फायरिंग हुई; थाना प्रभारी सस्पेंड

Published: Mon, 16 Mar 2026 03:23 PM (IST)

सुलतानपुर के कल्याणपुर गांव में आबादी की जमीन को लेकर सगे भाइयों के बच्चों में खूनी संघर्ष हुआ। लाठी-डंडों के ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। कल्याणपुर गांव में आबादी की जमीन को लेकर एक ही परिवार के सगे भाइयों के बच्चों के बीच लाठी-डंडे चले। साथ ही कई राउंड फायरिंग हुई।

मारपीट में छह लोग घायल हो गए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सक ने मेडिकल कालेज अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया। एसपी चारु निगम ने मौके का जायजा लेने के बाद अखंडनगर के थाना प्रभारी संत कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है।

वहीं, सीओ कादीपुर विनय गौतम पर कार्य में शिथिलता बरतने के आरोप की जांच के लिए एएसपी अखंड प्रताप सिंह को निर्देशित किया है। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर कई थानों की फोर्स लगाई गई है।

रामदीन यादव, राममेर यादव और राम खेलावन यादव तीन सगे भाई हैं। इनमें राम खेलावन निस्संतान थे। उनकी मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने अपनी जमीन अपने भाई राममेर यादव को दे दी थी। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। रामदीन के पुत्र अरविंद यादव उर्फ संजीत यादव हैं।

शीतला प्रसाद यादव, आनंद यादव और अमन यादव हैं। जबकि, दूसरे पक्ष में राममेर यादव के पुत्र सुरेश यादव, दिनेश यादव, रंजीत यादव, जिलाजीत यादव और मंजीत यादव हैं।

अरविंद यादव ने आबादी की जमीन पर जबरन निर्माण शुरू कराया था। इस पर सुरेश यादव पक्ष ने विरोध किया। जिससे शनिवार सुबह विवाद हो गया। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों के सात लोगों का शांतिभंग में चालान किया था।

इसके बाद शनिवार शाम को अरविंद यादव पक्ष की ओर से करीब दर्जन भर लोग गांव पहुंच गए और जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए दबाव बनाने लगे। इस दौरान असलहों का भी प्रदर्शन किया गया। जिसका वीडियो और फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। इसके आधार पर पुलिस ने बाहर से आए सात लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया है।

रविवार को दिन में विवाद फिर भड़क उठा। आरोप है कि अरविंद यादव पक्ष के साथ बाहर से आए लोगों ने उनके घर के अंदर से छत पर चढ़ गए। वहां से सुरेश यादव पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट करने लगे।

इसी दौरान कई राउंड फायरिंग भी की गई, जिससे गांव में अफरातफरी मच गई। हमले में कमलेश यादव, विपुल यादव, शोभावती पत्नी चंद्रजीत यादव, रोशनी यादव, संजय यादव और प्रांकुर यादव घायल हो गए।

सीएचसी अधीक्षक डा. सत्येंद्र सिंह ने बताया कि संजय यादव के कूल्हे में गोली लगी है, जबकि विपुल यादव को गोली लगना संदिग्ध है। कमलेश यादव के सिर में कट्टे की बट से चोट आई है। अन्य घायलों को लाठी-डंडे से चोट पहुंचाई गई है। एसपी चारु निगम ने बताया कि रामदीन यादव पक्ष के 13 नामजद व अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई हैं। जल्द ही गिरफ्तारी कराई जाएगी।

उपजिलाधिकारी कादीपुर उत्तम कुमार तिवारी ने बताया कि आबादी की जमीन गाटा संख्या 14 पर कब्जे को लेकर पट्टीदारों के बीच मारपीट हुई है। इस प्रकरण में पहले कोई शिकायत का मामला नहीं आया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।