सुलतानपुर में वज्रपात का कहर: दो की मौत, आठ घायल, प्रशासन ने की सहायता की घोषणा
सुलतानपुर में वज्रपात की दो अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से चार-चार ...और पढ़ें

HighLights
सुलतानपुर में वज्रपात से दो लोगों की मौत।
धारूपुर में आठ लोग गंभीर रूप से झुलसे।
मृतकों के परिजनों को चार लाख की सहायता।
जागरण टीम, सुलतानपुर। बंधुआकला क्षेत्र के धारूपुर में वज्रपात की चपेट में आकर वृद्धा की मौत हो गई और आठ लोग झुलस गए। उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। वहीं मोतिगरपुर में भी भैंस चराने गए वृद्ध की वज्रपात से मौत हो गई। प्रशासन की ओर से मृतकों के पीड़ित परिवारों को चार- चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रशासन की ओर से दी जाएगी।
कुड़वार: धारूपुर के छत्रपाल पुत्र महराजदीन के खेत में धान की रोपाई का कार्य चल रहा था। दोपहर में अचानक बारिश शुरू हुई तो सभी लोग बगल आम के पेड़ के पास छांव में चले गए। इसी बीच बज्रपात होने से पियारी पत्नी पराग चौहान की मौके पर मौत हो गई।
वहीं, मौके पर मौजूद जयसिंह पुत्र पराग,चांदनी पुत्री छत्रपाल, मुस्कान पुत्री छत्रपाल, जाह्नवी पुत्र छत्रपाल, छत्रपाल पुत्र महराजदीन,आदित्य पुत्र राजाराम, उदयराज पुत्र भंगू, प्रानदेई पत्नी उदयराज गंभीर रूप से झुलस गए।
सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने जयसिंह,छत्रपाल,उदयराज व प्रानदेई की हालत गंभीर देख मेडिकल कालेज के अस्पताल रेफर कर दिया गया। तहसीलदार सदर देवानंद तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
उपजिलाधिकारी उत्तम तिवारी ने बताया कि सूचना पर मौके पर तहसीलदार सदर को भेजा गया था। घायलों का इलाज चल रहा है। मृतक के परिवारजन को मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष से जल्द सहायता दिलाई जाएगी।
मोतिगरपुर: बेलहरी के ककरवारपुर में बुधवार दोपहर बज्रपात की चपेट में आकर एक वृद्ध की मौत हो गई। गांव के जगन्नाथ पाल गांव के ही खेत में भैंस चरा रहे थे। इसी दौरान मौसम खराब हो गया और बारिश शुरू हो गई।
बारिश के बीच गिरी हुए वज्रपात की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी थाना अनिरुद्ध कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। कार्रवाई की जा रही है।