उन्नाव में Insta पर युवती के लिए आखिरी पोस्ट और मौत; 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन पोल पर फंदे से लटका युवक
उन्नाव में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर युवती के लिए पोस्ट डालकर 100 फीट ऊंचे हाईटेंशन पोल से लटककर जान दे दी। जिले में दो अन्य आत्महत्या की घटनाएं भी सा ...और पढ़ें
-1784468291503_m.webp)
HighLights
प्रचलित वीडियो में युवक हाईटेंशन लाइन के पोल पर खड़ा दिखा
एक युवती से मित्रता व उसके लिए ही लटकने का पोस्ट में जिक्र
100 फीट ऊपर गमछे से लटके शव को उतारने में लगे पांच घंटे
संवाद सहयोगी, पुरवा(उन्नाव)। मैं जो भी कर रहा हूं, अपनी मर्जी से नजदीकी युवती के लिए कर रहा हूं। अपनी इंस्टाग्राम आईडी पर यह पोस्ट डालकर असोहा क्षेत्र दाऊखेड़ा निवासी 22 वर्षीय युवक ने चचेरी बहन की ससुराल दऊ के पास से निकली हाइटेंशन विद्युत लाइन के पोल में लगभग 100 फीट की ऊंचाई पर गमछे के सहारे फंदा लगा जान दे दी।
चचेरे बहनोई की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों की मदद से शव को पोल से नीचे उतरवाया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच की। हालांकि अभी तक स्वजन ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी है।
असोहा क्षेत्र के गांव दाऊखेड़ा निवासी महेश रावत का 22 वर्षीय बेटा ओमकार आटो चालक था। चार दिन पूर्व अपनी चचेरी बहन आरती की ससुराल क्षेत्र के ही गांव दऊ आया था। शनिवार दोपहर लगभग दो बजे वह घर से घूमने जाने की बात कहकर निकला था। देर शाम तक वापस घर न लौटने पर आरती सहित अन्य स्वजन ने खोजबीन की पर ओमकार का कही पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह लगभग सात बजे पड़ोसी गांव दरसवां निवासी चचेरे बहनोई रंजीत ने गांव के बाहर से निकली हाईटेंशन विद्युत लाइन के पोल में लगभग 100 फीट की ऊंचाई पर ओमकार का शव गमछे के सहारे लटका देखा। जानकारी पर चचेरी बहन आरती सहित उसके स्वजन को दी।
खबरें और भी
मौके पर पहुंचे स्वजन शव देख बेहाल हो गए। स्वजन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने विद्युत विभाग के कर्मचारियों की मदद से लगभग पांच घंटे बाद पोल से शव को नीचे उतारा। वहीं ग्रामीणों में चर्चा है कि ओमकार की गांव की ही गैर बिरादरी की एक युवती से मित्रता थी।
कुछ दिन पूर्व उसी युवती के स्वजन ने पुलिस से शिकायत भी की थी। जिस पर थाने में दोनों में सुलह समझौता हो गया था। इसी बात से दुखी होकर उसने यह कदम उठा लिया। वही ओमकार की इंस्टाग्राम आईडी पर उसके द्वारा डाली गई एक एक पोस्ट भी प्रचलित हो रही है। उस पोस्ट में उसने लिखा है कि मैं जो भी कर रहा हूं अपनी मर्जी से युवती के लिए कर रहा हूं। साथ ही उसी पोस्ट में पोल के ऊपर खड़ा होकर उसने एक वीडियो भी बनाया है।
ओमकार की मौत से मां अनीता, भाई मोहित, रोहित, आदर्श, बहन रूबी, रीना बेहाल हैं। एसओ फूल सिंह ने बताया कि स्वजन ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।तहरीर मिलने व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, बांगरमऊ में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
बांगरमऊ क्षेत्र के ग्राम बेहटा कच्छ निवासी 40 वर्षीय कमलेश गांव में ही रहकर पंक्चर की दुकान और खेती कर अपनी जीविका चलाता था। रविवार सुबह ग्रामीणों ने उसका शव गांव से लगभग 100 मीटर दूर बबूल के पेड़ में फंदे से लटका देखा। बड़े बेटे आशीष की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। दिवंगत की जेब से एक पर्ची और एंड्राइड मोबाइल मिला।
मिली पर्ची में महिला का जिक्र
पर्ची में लिखा था कि एक महिला ने कहा कि हमें अपना मुंह मत दिखाना। दिवंगत की पत्नी की लगभग 10 वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। ग्रामीणों में चर्चा है कि पत्नी की मौत के बाद उसकी एक महिला से नजदीकियां हो गई। दिवंगत अपने पीछे दो बेटे आशीष और अभिषेक को रोता बिलखता छोड़ गया। कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।
चाय बनाने को कहा तो नाराज हो युवती ने लगाया फंदा
बिहार क्षेत्र के पनहन निवासी मन्नीलाल सोनी की 22 वर्षीय पुत्री मानसी सोनी उर्फ सिद्धी का सुबह करीब 10:30 पर घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। सुबह जब देर तक ऊपर के कमरे से मानसी नीचे नहीं आई तो मां मीरा देवी ने जाकर आवाज दी। कोई उत्तर न मिलने पर खिड़की से देखा तो चीख पड़ी। स्वजन ने दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। स्वजन के अनुसार सुबह चाय बनाने के लिए लेकर कहासुनी हुई थी। उसी से नाराज होकर दूसरी मंजिल में चली गई थी। मानसी तीन बहनों में सबसे छोटी थी। दो बड़ी बहनों की शादी हो गई थी। मानसी अविवाहित थी। घटना के बाद से मां, पिता व बहनों का रो रो कर बुरा हाल है।