Ganga में तेजी से बढ़ रहा जलस्तर, शुक्लागंज में नमामि गंगे घाट तक पहुंचा पानी, कानपुर में अटल घाट समेत कई घाटों में बैरीकेड्स
गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे शुक्लागंज में नमामि गंगे घाट तक पानी पहुंच गया है और कानपुर के घाटों पर बैरीकेड्स लगाए गए हैं। ...और पढ़ें

जलस्तर बढ़ने के बाद गंगा नदी का दृश्य। जागरण
HighLights
शुक्लागंज में नमामि गंगे घाट तक पहुँचा गंगा का पानी
कानपुर के अटल घाट सहित कई घाटों पर लगे बैरीकेड्स
गंगा किनारे के गाँवों और मोहल्लों में बढ़ाई गई सतर्कता
जागरण टीम, शुक्लागंज/कानपुर। गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शुक्लांगज में नमामिगंगे घाट की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। वहीं, कानपुर में जलस्तर तेजी से बढ़ता देख अटल घाट समेत कई घाटों में बैरीकेड्स और रस्सी लगा दी गई है। गंगा किनारे स्थित गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
शुक्लागंज में पानी बीते 24 घंटों में 56 सेंटीमीटर और बढ़ गया है। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार बीते शनिवार को शाम छह बजे गंगानदी का जलस्तर 110.670 मीटर रिकार्ड किया गया था। जो रविवार को शाम छह बजे तक 56 सेंटीमीटर और बढ़कर 111.230 मीटर पहुंच गया है। गंगानदी का पानी फिर से नमामिगंगे घाट की सीढ़ियों तक पहुंच गया है। बता दें कि शुक्लागंज में गंगा का चेतावनी बिंदु 112.000 मीटर व खतरे का निशान 113.000 मीटर पर है।गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से अभी 77 सेंटीमीटर दूर है।
नमामि गंगे घाट की सीढ़ियों तक पहुंचा पानी। जागरण
जलस्तर बढ़ने से गंगा किनारे बसे मिश्रा कालोनी, गोताखोर, सीताराम कालोनी, बालूघाट, मनोहरनगर, इंदिरानगर, शक्तिनगर, बहादुर बगिया, गंगानगर, रविदासनगर आलमनगर आदि मुहल्लों में रहने वाले लोगों की धड़कनें फिर तेज हो गई हैं। लोग परेशान होने लगे हैं। फिलहाल अभी गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 77 सेंटीमीटर दूर है। वहीं, खतरे के निशान से एक मीटर 77 सेंटीमीटर दूर है। क्षेत्रीय लेखपाल प्रशांत अवस्थी ने बताया कि प्रशासन सतर्क है। जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। नाविकों और गोताखोरों को सतर्क कर दिया गया है।
कानपुर में गंगा तट के आसपास के गांव को अलर्ट किया गया
नरोरा बांध से इस साल अभी तक सबसे ज्यादा गंगा जल 1,72, 721 क्यूसेक छोड़ा गया है। 31 जुलाई को 1,63, 181 क्यूसेक जल छोड़ा गया था। जलस्तर तेजी से बढ़ता देख अटल घाट समेत कई घाटों में बैरीकेड्स और रस्सी लगा दी गई है। गंगा किनारे स्थित गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पंकज गौतम ने बताया कि लगातार गंगा के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है।
खबरें और भी
यहां से इतना छोड़ा गया पानी
- नरोरा बांध 1,72,721
- गंगा बैराज 1,06,283
यह भी पढ़ें- UP में 4200 करोड़ के एक्सप्रेसवे का हाल! लखनऊ की लेन धंसी, उन्नाव के पास वाहनों का रूट डायवर्जन कर शुरू हुआ काम