Unnao Loot: घर में घुसकर किन्नर व ड्राइवर को बंधक बना मुंह में कपड़ा ठूंस बेरहमी से पीटा, फिर 35 लाख की लूट
शुक्लागंज के सावित्रीनगर में किन्नर वैशाली के घर देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर उन्हें और उनके ड्राइवर को बंधक बनाकर 35 लाख रुपये की लूट की ...और पढ़ें

जाजमऊ चौकी के सावित्री नगर में हुई लूट की घटना की जानकारी देती पीड़ित किन्नर वैशाली। जागरण
HighLights
किन्नर वैशाली के घर 35 लाख रुपये की लूट हुई।
चार नकाबपोश बदमाशों ने किन्नर-ड्राइवर को बंधक बनाया।
पुलिस ने पांच टीमें गठित कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, शुक्लागंज (उन्नाव)। शुक्लागंज में गुरुवार रात करीब दो बजे हथियारबंद चार नकाबपोश बदमाशों ने किन्नर के घर में एक घंटे तक लूटपाट की। किन्नर व उसके ड्राइवर के हाथ-पैर बांधकर उनके मुंह में कपड़ा ठूंसकर मारपीट भी की। बदमाश तमंचा, तलवार, डंडा और सरिया लेकर छत के रास्ते घुसे थे। करीब 12 लाख रुपये, 150 ग्राम सोने के जेवर, आधा किलो चांदी के जेवर, एक अपाचे बाइक व तीन मोबाइल फोन लेकर भाग गए। लूटे गए माल की कीमत 35 लाख रुपये के आसपास है।
जाजमऊ के डकारी क्षेत्र में सावित्रीनगर निवासी किन्नर की घर छत के रास्ते गुरुवार देर रात लगभग दो बजे घुसे हथियारों से लैस चार नकाबपोश बदमाशों ने किन्नर व उसके ड्राइवर को बंधक बनाकर हांथ पैर बांध व मुंह में कपड़ा ठूंसकर मारपीट करने के साथ एक घंटे तक घर में लूटपाट की।
किन्नर वैशाली ने बताया कि नकाबपोश बदमाश तमंचा, तलवार व डंडा, सरिया और लोहे की राड आदि लेकर छत के रास्ते से टिन हटाकर घर के अंदर घुसे थे। नकाबपोश बदमाशों ने कमरे में उसे बंधक बनाकर हाथ पैर बांधकर बेरहमी से मारने पीटने के बाद एक घंटे तक लूटपाट कर भाग निकले।
किन्नर ने बताया कि लगभग 12 लाख की नकदी समेत 150 ग्राम सोने के जेवर व आधा किलो चांदी के जेवर समेत एक अपाचे बाइक व तीन मोबाइल लेकर भाग गए। किन्नर ने लूटे गए माल की कीमत लगभग 35 लाख रुपये के आस पास बताई है।
खबरें और भी
किन्नर ने बताया कि लुटेरे सीसीटीवी कैमरे के तार काटकर डीवीआर तक उठा ले गए। बदमाशों ने किन्नर के ड्राइवर मोहम्मद आसिफ को भी मारपीट कर घायल कर दिया। उनके भागने के बाद शोर सुनकर क्षेत्र के लोग पहुंचे। लोगों ने 112 व जाजमऊ पुलिस को घटना की सूचना दी।
एसपी जयप्रकाश सिंह व सीओ सिटी विनी सिंह, गंगाघाट कोतवाल अजय कुमार सिंह ने बदमाशों की पिटााई से घायल किन्नर व उसके चालक से अलग-अलग पूछताद की। जाजमऊ चौकी व गंगाघाट थाने का पुलिस फोर्स मौजूद रहा।
एसपी ने घटना का राजफाश करने के लिए पुलिस की स्वाट, सर्विलांस व क्राइम ब्रांच समेत पांच टीमें लगाई हैं। पुलिस ने घायल किन्नर व उसके चालक को मेडिकल के लिए भेजा है। किन्नर वैशाली की तहरीर पर पुलिस ने चार अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

जाजमऊ चौकी के सावित्री नगर में किन्नर वैशाली के घर लुटेरों द्वारा फैलाया गया गृहस्थी का सामान। जागरण
पुलिस ने पांच संदिग्धों को उठाया
लूटपाट की घटना के राजफाश के लिए गंगाघाट पुलिस ने पांच संदिग्धों को उठाया है। पुलिस उन्हें कोतवाली ले गई। जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को घटना में किसी करीबी का हाथ होने की आशंका है। छानबीन की जा रही है।
पांच साल से अपना मकान बनवाकर यहां रह रही थी
मूल रूप से जाजमऊ कानपुर के सरैया बाजार की रहने वाली किन्नर वैशाली ने सावित्रीनगर में पांच साल पहले अपना मकान बनवाया था। जिसमें वह रह रही थी। उसके साथ उसका कार ड्राइवर मोहम्मद आसिफ भी रहता है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि वैशाली का व्यवहार क्षेत्र में अच्छा है। वह स्वभाव से काफी मिलनसार बताई जा रही है।
घटना से क्षेत्र में सनसनी, पुलिस पर गश्त पर उठे सवाल
किन्नर के घर हुई लूटपाट के बाद जाजमऊ के सावित्री नगर क्षेत्र में खलबली मच गई। किन्नर के घर के बाहर क्षेत्रीय लोगों की भीड़ लगी रही। लोगों ने घटना की निंदा करते हुए जाजमऊ पुलिस पर रात के समय गश्त न करने का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पुलिस रात में गश्त करती तो अपराधियों के हौंसले बुलंद न होने पाते।
घर के पीछे से सीढ़ी लगाकर आए थे बदमाश
स्थानीय लोगों ने बताया कि किन्नर वैशाली के घर के पीछे से सीढ़ी लगाकर बदमाश छत के रास्ते घुसे थे। बदमाशों ने वहां पर पड़ी टिन की चादर को हटाकर जीने से उतरकर किन्नर के कमरे में धावा बोल दिया। किन्नर ने बताया कि सभी नकाबपोश बदमाश कट्टा, तलवार, डंडे व सरिया से लैस थे। एक ने उसे व दूसरे ने उसके ड्राइवर को तमंचा लगा रखा था।उसके गले में तलवार लगा रखी थी।
किसी करीबी का हाथ होने का आशंका
किन्नर के घर हुई घटना में किसी करीबी का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस कई बिदुंओं पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि उस व्यक्ति को पूरे घर की पहले से पूरी जानकारी थी।
बदमाशों ने कपड़े से पोछकर मिटाए फिंगरप्रिंट्स
किन्नर वैशाली ने बताया कि लूटपाट की घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरों ने कपड़े की मदद से फिंगर प्रिंट्स मिटाए। उसके बाद घर में खड़ी अपाचे बाइक व सीसीटीवी कैमरों के तार काट डीवीआर लेकर भाग निकले।
लैब्राडोर कुत्ता घर के बाहर बंधा रहा
किन्नर वैशाली का लैब्राडोर कुत्ता शिवा घर के बाहर बंधा था। क्षेत्रीय लोगों का कहना रहा कि कुत्ता घर के अंदर होता तो किसी बदमाश की हिम्मत नहीं थी कि वह किन्नर वैशाली तक पहुंच पाता। कुत्ते का घर के बाहर बंधा होना भी घटना की साजिश का हिस्सा माना जा रहा है।
घटना की खबर पाकर पहुंचा पूरा परिवार
घटना की खबर पाकर किन्नर वैशाली का कानपुर जाजमऊ के सरैया बाजार में रहने वाला पूरा परिवार उसके घर पहुंच गया। वैशाली के पिता हरीशंकर, मां विद्या देवी, भाई कपिल व शादी शुदा बहन सपना उसके घर पहुंचे। परिवार के लोगों ने कहा कि पुलिस ने जल्द घटना का राजफाश न किया तो वह लोग विरोध प्रदर्शन करेंगे।
बाइक से कुचलकर मरी घर में पली परशियन बिल्ली
किन्नर को कुत्ता बिल्ली पालने का शौक है। उसके घर में लेब्राडोर कुत्ता व तीन परशियन बिल्लियां पली हैं। बताया जा रहा है कि लुटेरों के अपाचे लेकर भागने के समय बिल्ली बाइक की चपेट में आकर कुचलकर मर गई।