विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर छठी बार धंसी सड़क, मरम्मत के बाद भी आई तीन इंच मोटी दरार

Published: Thu, 27 Aug 2026 01:58 AM (IST)

गंगा एक्सप्रेसवे पर उन्नाव के बशीरतगंज के पास किमी 421-422 पर सड़क में फिर दरार आई। यह बीते पखवाड़े में ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, उन्नाव। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के बाद अब गंगा एक्सप्रेसवे मार्ग धंसने का रिकार्ड बना रहा है। बीते एक पखवारे के अंदर गंगा एक्सप्रेसवे जहां अब तक आधा दर्जन स्थानों पर धंस चुका है। वहीं मार्ग पर किमी 421-422 के बीच गांव बशीरतगंज व सरांय कटियान के पास कई बार मरम्मत किए जाने के बावजूद बुधवार को फिर धंस गया है। मार्ग धंसने के बाद तीन इंच चौड़ी व 25 मीटर लंबी दरार आ चुकी है।

दही क्षेत्र में बशीरतगंज के पास गंगा एक्सप्रेस वे 422 पर फिर बारिश के कारण करीब 25 मीटर रोड में मोटी दरार आ गई और ढलान पर कंक्रीट क्षतिग्रस्त हो गई। जिस पर एक हफ्ते पहले ही पैच वर्क किया गया था। बताते चलें बारिश शुरू होते ही किलोमीटर 421 से 422 के बीच रोड धंसने का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है।

अलग-अलग जगह अब तक यहां आधा दर्जन बार रोड धंस चुकी है। कार्यदाई संस्था पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर के इंजीनियरों की लापरवाही अब संस्था के लिए मुसीबत बनती जा रही है। जैसे जैसे कर्मचारी रोड की मरम्मत कर रहे हैं वैसे वैसे रोड क्षतिग्रस्त होती जा रही है।

जानकार बताते हैं कि ठेकेदारों द्वारा मिट्टी डालकर ढलान पर उसे रोलर द्वारा दबाया नहीं गया, जिसकी वजह से यहां रोड धसने का सिलसिला थम नहीं रहा है।

मार्ग सुधारीकरण के तहत किमी 421-422 के बीच ढलान के अधिकांश हिस्से पर कंक्रीट की स्लेब ढाली जा चुकी है। हालांकि, वह स्लेब भी बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है। निर्माण एजेंसी पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट मैनेजर आरके मिश्र ने बताया कि मार्ग पर सुधारात्मक कार्य किए जा रहे हैं। यातायात को सुचारू रखा गया है।