प्यार, तकरार और फिर थाने में रार! युवती की शिकायत पर बरात निकासी के समय दूल्हा गिरफ्तार, समझौते के बाद सात फेरे
उन्नाव में एक युवती की शिकायत पर शादी से पहले गिरफ्तार हुए युवक को समझौते के बाद रिहा कर दिया गया, जिसके बाद उसने सात फेरे लिए। वहीं, फतेहपुर में दूल् ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
संवाद सूत्र, फतेहपुर चौरासी (उन्नाव)। हसनगंज थाने में एक युवती ने एक युवक पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था। जिसपर हसनगंज पुलिस ने फतेहपुर चौरासी पुलिस की सहायता से युवक को पकड़ लिया था। जिसके बाद हसनगंज थाने में युवक पक्ष और युवती पक्ष के मध्य समझौता हो गया। हसनगंज पुलिस ने युवक को छोड़ दिया। वहीं हसनगंज एसओ ने बताया कि युवती ने मुकदमा नहीं दर्ज कराया है।
हसनगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासिनी युवती ने थाने में दी हुई तहरीर में बताया कि फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने उसके साथ गोद भराई और बरीक्षा का कार्यक्रम किया था। जिसके बाद युवक ने शादी करने से इन्कार कर दिया। जिससे वह बेहद परेशान थी। दूसरी ओर युवक ने दूसरी जगह शादी तय कर ली थी।
युवक का विवाह गुरुवार को होना था कि तभी युवती हसनगंज कोतवाली पहुंची और पुलिस को आपबीती बताई, जिसपर हसनगंज पुलिस ने फतेहपुर चौरासी पुलिस की सहायता से युवक को पकड़ लिया और हसनगंज कोतवाली लेकर चली गई। इसके बाद युवती पक्ष और युवक पक्ष के मध्य समझौता हुआ। जिसमें युवती पक्ष के बरीक्षा और गोद भराई में खर्च हुए एक लाख 25 हजार रुपये युवक पक्ष ने वापस कर दिए। जिसके बाद युवक को पुलिस ने गुरुवार की रात लगभग 10 बजे हसनगंज कोतवाली से छोड़ दिया।
वहीं कोतवाली के बाहर दूल्हे के इंतजार में बराती खड़े थे। जब दूल्हा कोतवाली से बाहर आया इसके बाद बरात निकली और युवक शादी करके वापस गांव शुक्रवार को आया। हसनगंज कोतवाली प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि युवक और युवती पक्ष ने आपस में समझौता कर लिया है। मुकदमा दर्ज होने की तहरीर दी गई थी लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।जिस युवती से युवक ने शादी नहीं की वह आपस में रिश्तेदार भी थे।
खबरें और भी
इधर, फतहेपुर में दूल्हा चक्कर खाकर गिरा, दुल्हन ने तोड़ी शादी
बिंदकी कोतवाली के महमूदपुर गांव निवासी सुरेश गौतम की पुत्री संध्या की शादी जनपद कानपुर नगर थाना महाराजपुर के उड़ंगापुर गांव में नीरज कुमार के साथ तय हुई थी। गुरुवार की शाम बारात आई, द्वारचार के बाद शुक्रवार को भोर भांवरों के दौरान दूल्हे नीरज कुमार चक्कर खाकर मंडप के नीचे गिर गया। इस पर दुल्हा पक्ष ने पान मसाला के साथ तंबाकू खाने से चक्कर आ जाने की बात बताई। तब शादी की अन्य रश्में पूरी की गईं। शुक्रवार को दोपहर बाद विदाई के कार्यक्रम में फिर दूल्हा चक्कर खाकर गिरा और मुंह से झाग आने लगा। इस पर दुल्हन ने दूल्हे को मिर्गी आने की बात कहकर ससुराल जाने से इन्कार कर दिया।