Unnao Purwa MLA Report Card: सड़कों का फैला जाल, डिफेंस कॉरिडोर से रोजगार की उम्मीद; लोन नदी के अभिशाप से मुक्ति का इंतजार
विधायक अनिल सिंह ने पुरवा विधानसभा में सड़कों का जाल बिछाने, बिजली पहुंचाने और शारदा नहर में पानी लाने जैसे कई विकास कार्य किए हैं। हालांकि, लोन नदी क ...और पढ़ें

HighLights
सड़कों का जाल बिछाया, गांवों तक बिजली पहुंचाई।
शारदा नहर में 20 साल बाद पानी आया।
लोन नदी की समस्या, स्वास्थ्य सेवाएँ अधूरी।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। पुरवा विधानसभा क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधायक बने अनिल सिंह ने अपने बीते चार वर्ष के कार्यकाल में सड़कों का हर तरफ जाल बिछवाया, शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री कंपोजिट माडल विद्यालय की स्थापना समेत गांव-गांव बिजली पहुंचाना और खंभों की कमी दूर कराने का काम किया।
20 वर्ष से सूखी रहने वाली शारदा नहर की मौरावां-आसीवन ब्रांच में पानी पहुंचवाने, बिछिया में डिफेंस कारिडोर की स्थापना करा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का मार्ग प्रशस्त करने जैसे करोड़ों की लागत वाले महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए। हालांकि क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि वर्षों से लोन नदी के अभिशाप से मुक्ति दिलाने का वादा अब भी पूरा न होने का लोगों में मलाल है।
विधानसभा में 2022 के चुनाव में पुरवा विधानसभा से भाजपा से चुनाव लड़कर विधायक बने अनिल सिंह ने चुनाव के समय विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांवों तक बिजली, बीस वर्ष से बंद शारदा नहर मौरावां-आसीवन ब्रांच में पानी लाने, हर गांव को पक्की सड़क से जोड़ने, अस्पतालों का उच्चीकरण करा स्वास्थ्य और नए स्कूल खुलवाकर शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का वादा किया था। चार वर्ष के कार्यकाल में विधायक ने अपने ज्यादातर वादे पूरे कर दिए हैं।
विधानसभा क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि अभी भी कई ऐसी प्रमुख समस्याएं हैं जिनका अब तक समाधान नहीं हो सका है। हिलौली, असोहा व पुरवा ब्लाक क्षेत्र में फ्लोराइड युक्त पानी की समस्या बरकरार है। हालांकि विधायक का कहना है कि हर घर नल योजना के तहत इसका समाधान होगा। विधानसभा क्षेत्र में सिर्फ एक राजकीय बालिका महाविद्यालय होने से तमाम बालिकाओं को अब भी निजी विद्यालयों में जाना पड़ रहा है। विधायक का कहना है कि एक और महाविद्यालय का प्रस्ताव दिया है, जल्द ही वह स्वीकृत हो जाएगा।
खबरें और भी
क्षेत्र के दस हजार से अधिक किसानों की मुसीबत बनी लोन नदी के अभिशाप से मुक्ति नहीं मिल सकी है। क्षेत्रीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। 25 वर्ष से जो भी जनप्रतिनिधि रहे, सभी चुनाव में वादा करते रहे पर लोन नदी के अभिशाप से किसी ने मुक्ति नहीं दिलाई।
हर चुनाव में वादा करने के बाद जनप्रतिनिधि समाधान कराना भूल जाते हैं। बिजली व्यवस्था में सुधार तो हुआ है लेकिन आए दिन उपकरण फुंकने से परेशानी हो रही है। पुरवा सीएचसी में अल्ट्रासाउंड तक नहीं हो रहे हैं, सौ बेड मौरावां अस्पताल में डाक्टरों की कमी भी दूर नहीं हुई है जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को अब भी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दौड़ लगानी पड़ती है।
सदन में रही 95 प्रतिशत उपस्थिति, शासन से जो मांगा सब कार्य पूरे
पुरवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनिल सिंह ने बताया कि मेरी सदन में 95 प्रतिशत उपस्थिति रही है। सदन में 15 मांगे रखी थीं, सब पूरी हो चुकी हैं।
विधानसभा: 167-पुरवा विधान सभा क्षेत्र
- कुल मतदाता---3,74,229
- पुरुष मतदता---2,03,917
- महिला मतदाता-1,70,306
- थर्ड जेंडर------6
चुनाव जीतने के बाद मैंने विधानसभा के लगभग दो हजार गांवों में बिजली पहुंचाने का काम किया है। प्रत्येक गांव को पक्की सड़क से जोड़ने का वादा भी पूरा कर दिया है। विधायक निधि के 20 करोड़ और अन्य विभिन्न परियोजनाओं तथा शासन से बजट स्वीकृत करा विकास कार्य कराए हैं। स्कूलों को माडल बनवाया है। मौरावां में मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालय का भी निर्माण चल रहा है जोकि आगामी विधानसभा चुनाव तक पूर्ण हो जाएगा। स्वास्थ्य विभाग में मौरावां में 100 बेड अस्पताल और तौरा में 50 शैय्या आयुष अस्पताल बनवाया। साढ़े चार वर्षों में हमारी विधानसभा में विकास कार्यों पर लगभग एक हजार करोड़ से अधिक का धन खर्च किया गया है। दही से वाया मौरावां होते हुए मोहनलालगंज मार्ग चार लेन मार्ग बनवाना, मंगतखेड़ा में डिग्री कालेज खुलवाने, एक केंद्रीय या नवोदय विद्यालय बनवाने का प्रयास चल रहा है।
अनिल सिंह, भाजपा विधायक पुरवा
वर्तमान विधायक के कार्यकाल में कोई भी ऐसा कार्य नहीं हुआ है जिससे क्षेत्र को लाभ मिल सके। मौरावां में जो 100 बेड का अस्पताल बना है उसकी नींव हमने रखी थी। ये आज तक उसमें समुचित सुविधाएं और डाक्टर भी तैनात नहीं करा पाए हैं। एक भी नया प्राथमिक या सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नहीं बनवाया है। बेसिक विद्यालय बनवाने के बजाय कम किए जा रहे हैं। हां मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय जरूर लाए हैं। बिजली व्यवस्था खराब है। नहरों में पानी को लेकर किसान परेशान हैं। क्षेत्र के सारे रजबहों, माइनरों में पानी नहीं है। सफाई के नाम पर खेल हो रहा है।
उदयराज, रनरअप प्रत्याशी (सपा)
भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था बहुत अच्छी हो गई है। विधायक अनिल सिंह ने भी चोरी, जुआ, सट्टा आदि पर अंकुश लगाया है। सड़कें भी खूब बनवाई हैं। बदमाशों पर अंकुश से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल है। चार वर्ष में लगातार क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हुआ है।
जितेंद्र, जोतपुर पुरवा
भाजपा सरकार में भय का वातावरण समाप्त हुआ है व विधायक अनिल सिंह के कार्यकाल में विधानसभा में अनेक विकास कार्य हुए हैं। अच्छी स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था मिल रही है। साथ ही सड़कों का जाल बिछ गया है। अब भी विकास कार्य चल रहे हैं।
नरेंद्र कुशवाहा, पीरजादीगढ़ी निवासी
विधानसभा क्षेत्र में विधायक ने विकास कार्य कराएं हैं। सड़कों की व्यवस्था ठीक होने से आवागमन सुगम हो गया है लेकिन बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। जमकर कटौती हो रही है। गांवों को 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है।
कार्तिक यादव, मंगत खेड़ा
हमारे गांव से बैगांव तक सड़क जर्जर है। कई बार इसकी मांग की गई, लेकिन आज तक सड़क की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया जबकि, अधिकांश गांवों की सड़कें बन गई हैं। अभी पानी और बिजली की व्यवस्था में सुधार की और आवश्यकता है। इसके लिए विधायक ने आश्वासन दिया है।
शुभम वर्मा, मझखोरिया