Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Safipur MLA Report Card: फलमंडी और अग्निशमन केंद्र का काम हुआ, महाविद्यालय व स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार बाकी

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 09:48 PM (IST)

    सफीपुर विधायक बम्बालाल दिवाकर ने चार साल में आम मंडी, संपर्क मार्ग और अग्निशमन केंद्र जैसे वादे पूरे किए हैं। हालांकि, राजकीय महाविद्यालय और स्वास्थ्य ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. आम मंडी, संपर्क मार्ग, अग्निशमन केंद्र का निर्माण पूरा हुआ

    2. राजकीय महाविद्यालय, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार अभी बाकी

    3. विधायक ने 20 करोड़ निधि से, 100 करोड़ अन्य से विकास किया

    जागरण संवाददाता, उन्नाव। बीते चार वर्ष में सफीपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक बम्बालाल दिवाकर ने चुनाव के समय जनता से किए गए वायदों में आम मंडी का निर्माण, कटरी क्षेत्र के गांवों को संपर्क मार्गों से जोड़ने, अग्निशमन केंद्र का निर्माण कराने, खेल मैदान बनवाने का काम तो पूरा कर दिया, किंतु राजकीय महाविद्यालय, चिकित्सा सेवा के विस्तार समेत अभी भी कई मांगे पूरी नहीं हुई हैं। क्षेत्रवासी शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अब भी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कराए जाने की राह देख रहे हैं।

    सफीपुर तहसील फलपट्टी क्षेत्र घोषित है। विभिन्न प्रांतों में आम विपणन करने वाली इस आम पट्टी क्षेत्र में आममंडी न होने का मुद्दा विधानसभा चुनाव में प्रमुखता से उठा था। व्यापारियों की मांग को पूरा कराने के लिए विधायक ने मामले को याचिका के माध्यम से सदन तक पहुंचाया था। मवई ब्रम्हनान में आम मंडी का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

    कटरी क्षेत्र के एक सौ से अधिक गांवों में आवागमन के मार्ग नहीं थे, अब यह गांव संपर्क मार्गों से जुड़ चुके हैं। सफीपुर तहसील में अग्निशमन केंद्र न होने से 22 किमी दूर जिला मुख्यालय से दमकल जाती थी। समय से दमकल न पहुंचने के कारण संपत्ति क्षति अधिक हो जाती थी। जिससे क्षेत्र वासियों को बड़ा नुकसान झेलना पड़ता था।

    अग्निशमन केंद्र का निर्माण न होना चुनावी मुद्दा भी बना था। विधायक ने याचिका के माध्यम से सदन में इस मांग को रखा, जिसके बाद बृजपालपुर गांव में अग्निशमन केंद्र भवन का निर्माण भी हो चुका है। गुरधरी गांव में मिनी खेल स्टेडियम बन गया है। लेकिन क्षेत्रवासियों का कहना है कि राजकीय महाविद्यालय न होने से छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

    खबरें और भी

    चुनाव के समय यह मांग भी उठी थी कि विधायक ने वादा भी किया था लेकिन अभी तक यह मांग पूरी नहीं हो सकी है। हालांकि विधायक बम्बालाल दिवाकर का कहना है प्रस्ताव दिया था, शासन से मंजूरी मिलना शेष है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है सबसे खराब स्थिति स्वास्थ्य सेवाओं की है।

    सफीपुर सीएचसी में पर्याप्त डाक्टर व विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं हैं, जिससे अल्ट्रासाउंड जांच की सेवा तक नहीं मिल रही है। विधानसभा क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि विकास की जो दरकार थी उसके सापेक्ष स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में पर्याप्त कार्य नहीं हुआ, जिससे नागरिकों को राहत नहीं मिल सकी।

    इसके विपरीत विधायक का दावा है कि 20 करोड़ रुपये विधायक निधि और लगभग 100 करोड़ रुपये अन्य परियोजनाओं से शासन से लाकर जनहित के कार्य कराएं हैं। अभी विधायक निधि के लगभग पांच करोड़ रुपये के प्रस्ताव दिए हैं जिनका काम शुरू नहीं हो सका है, जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा।

    163-सफीपुर विधानसभा क्षेत्र

    • कुल मतदाता---3,10, 921
    • पुरुष मतदाता---1,71,779
    • महिला मतदाता--1,39,140
    • थर्ड जेंडर------02


    मेरी विधानसभा विकास के मामले में पिछड़ी विधानसभा थी। मैंने अपने कार्यकाल में इस विधानसभा को विकसित कराने का काम किया है। बीते चार वर्ष में 84 गांवों को संपर्क मार्ग से जोड़ा गया है। हर गांव में विद्युतीकरण का काम कराया है। इसके अलावा मुख्य मार्गों का निर्माण और अग्निशमन केंद्र, फल मंडी जैसे बड़े काम कराए हैं। शासन से सौ करोड़ रुपये से अधिक लाकर विकास कार्य कराएं हैं। चार वर्षों में विधायक निधि से 20 करोड़ गांवों की सड़कों, स्कूलों के कायाकल्प, प्रत्येक ग्राम पंचायत मिनी सचिवालय भवनों का निर्माण आदि कार्यों पर खर्च किया है। अभी पांच करोड़ के प्रस्ताव दिए हैं जिसका उपयोग क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं दिलाने के काम किया जाएगा। नालियों और नालों का निर्माण कराया गया। कई पुल और पुलियों का निर्माण कराया है। महाविद्यालय की स्थापना समेत जो कार्य बचा है कि वह जल्द पूरा कराऊंगा।
    बम्बालाल दिवाकर, विधायक सफीपुर विधानसभा क्षेत्र


    सफीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास के नाम पर सिर्फ ढिंढोरा पीटा जा रहा है। अग्निशमन केंद्र की स्वीकृति सपा सरकार में हुई थी। भूमि चयनित न होने के कारण निर्माण नहीं हो सका था। भाजपा को अग्निशमन केंद्र बनवाने में नौ वर्ष लग गए। सड़कों की हालत आज भी खराब है। विकास के नाम पर नतीजा शून्य है। महाविद्यालय भी नहीं खुलवा पाए, जबकि दूसरी बार विधायक हैं। सीएचसी, पीएचसी डाक्टर और स्टाफ नहीं हैं। सफीपुर में अल्ट्रासाउंड जांच तक की सुविधा नहीं मिल रही है। बिजली कटौतीती का समय तय नहीं है। क्षेत्र के लोग परेशान हैं। खाद, बीज, सिंचाई के लिए नहरों में पानी नहीं है, थानों और तहसीलों में फरियादियों को न्याय नहीं मिल रहा है।
    सुधीर रावत, पूर्व मंत्री, रनर सपा प्रत्याशी सफीपुर विधानसभा क्षेत्र


    बोले नागरिक........

    विधायक ने चार वर्ष के कार्यकाल में सड़कों, पुलों का निर्माण, खेलकूद मैदान, फल मंडी सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को धरातल पर उतारा है। किसानों को पानी, खाद, बीज समय पर मिले इसका प्रबंध और होना चाहिए।
    अनिल सिंह, ब्रम्हना


    विधायक ने अपने कार्यकाल में सड़क मार्गों और बिजली व्यवस्था में सुधार के व्यापक कार्य कराएं। कटरी क्षेत्र के गांवों का विकास हुआ है। अग्निशमन केंद्र बनने से अब क्षति से बचाव होगा। फलमंडी से बाग मालिकों को राहत मिली है। महाविद्यालय बन जाए तो काम पूरा हो जाएगा।
    सोनेलाल, सफीपुर


    विधायक का चार वर्ष का कार्यकाल जनसेवा के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने सड़कों का निर्माण, पुल, खेलकूद मैदान, फल मंडी जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का काम कराया है। विकास कार्यों से आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिली है। शिक्षा और स्वास्थ्य की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ।
    हिमांशु मिश्रा, सफीपुर


    विकास कार्य हुए हैं लेकिन कुछ महत्वपूर्ण समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं। खाद बीज की समस्या का समाधान नहीं हुआ है। स्वास्थ्य सेवाओं में चिकित्सकों व स्टाफ की कमी दूर नहीं हुई। बाईपास मार्ग के निर्माण व महाविद्यालय खुलवाने की घोषणा भी अब तक पूरी नहीं हुई है।
    चंद्रपाल यादव, सफियापुर


    शतप्रतिशत रही सदन में उपस्थिति, विधानसभा क्षेत्र का हुआ सतत विकास

    सफीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक बम्बालाल दिवाकर ने बताया कि विधानसभा सत्रों में मेरी उपस्थिति शत प्रतिशत रही है। याचिका के माध्यम से अग्निशमन केंद्र, फलमंडी, डिग्री कालेज आदि 15 मांगे सदन में रखी थीं। डिग्री कालेज को छोड़ सभी मांगे पूरी हो चुकी हैं। नौ वर्ष के कार्यकाल में योगी और मोदी के नेतृत्व में विधानसभा क्षेत्र विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।