हुनर से रोजगार तक का सफर, उन्नाव में स्किल डेवलपमेंट से 2357 युवाओं की बदली जिंदगी
उन्नाव में कौशल विकास मिशन के तहत 2357 युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराया गया है। जिले में 12 प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं और अगस्त से चार न ...और पढ़ें

कौशल विकास के तहत संचालित सेंटर में प्रशिक्षण लेतीं बालिकाएं: प्रशिक्षक
HighLights
जिले के अलग-अलग क्षेत्र में 12 सेंटर हो रहे संचालित
2025-26 में 1800 युवाओं को बनाया गया हुनरमंद
राहुल विनम्र, उन्नाव। उन्नाव में कौशल विकास योजना के माध्यम से युवाओं को हुनरमंद बनाया जा रहा है। हेल्थ केयर, लेदर सिलाई, रिटेल, लाजिस्टिक आदि कोर्स के माध्यम से रोजगार की व्यवस्था कराई जा रही है। अभी तक 2357 युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार उपलब्ध कराया गया है।
जिले में युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कौशल विकास मिशन की शुरूआत 2014 में हुई थी। मौजूदा समय जिले में 12 प्रशिक्षण केंद्र संचालित हैं। यहां युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन केंद्रों पर हेल्थ केयर, कंप्यूटर, लेदर सिलाई, रिटेल, लाजिस्टिक सहित कई रोजगारपरक कोर्स संचालित हैं। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान भी दिया जा रहा है। ताकि रोजगार प्राप्त करने व स्वरोजगार शुरू करने में युवा सक्षम बन सकें। विभागीय आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के 1800 युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया गया।
वहीं पिछले तीन वर्षों में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 2357 युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा कुछ युवाओं ने अपना स्वयं का रोजगार भी शुरू किया है। इससे जिले में कौशल विकास कार्यक्रम के सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 3200 युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय उद्योगों और निजी कंपनियों की जरूरतों के अनुसार पाठ्यक्रमों का चयन किया जा रहा है। ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके।
अगस्त से चार सेंटर हो रहे शुरू
कौशल विकास के तहत चार नए सेंटर जिले में शुरू हो रहे हैं। जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुजीत सिंह ने बताया कि इन सेंटरों पर युवाओं के रहने और खाने की व्यवस्था भी कराई गई है। युवा यहां रहकर प्रशिक्षण ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें कौशल पंजीकरण साइट पर जाकर आवेदन करना होगा। अगर कोई समस्या आती है तो विकास भवन के कमरा नंबर 40 में संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि नवाबंज, ऊगू, बीघापुर और मौरावां में सेंटर शुरू होना है। बालक- बालिका कोई भी इसमें आवेदन कर सकता है।
खबरें और भी
यहां भी संचालित हैं अन्य सेंटर
सुमेरपुर में एक, औरास में एक, बांगरमऊ में दो और शुक्लागंज एक सेंटर संचालित हैं। यहां भी युवा प्रशिक्षण ले सकते हैं।