Ganga Expressway: उन्नाव में पहले 100 मीटर तक बना ‘स्विमिंग पूल’, अब धंस गया एक्सप्रेसवे; सड़क फाड़कर निकला बरसाती पानी
उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर पहले जलभराव और फिर सड़क में गहरे गड्ढे हो गए। खराब ड्रेनेज व्यवस्था के कारण ...और पढ़ें
HighLights
उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर पहले जलभराव, फिर गड्ढे, दही क्षेत्र में दरोगा खेड़ा के पास किमी 423.6 पर पाई गई बड़ी समस्या
सोमवार को बरसाती पानी में 100 मीटर तक स्वीमिंग पुल बना था गंगा एक्सप्रेसवे का टोल व सर्विस लेन
मार्ग पर भरे पानी को निकलने की नहीं मिली जगह, तो सड़क फाड़कर पानी ने बना ली निकलने की जगह
संवाद सूत्र, बिछिया (उन्नाव)। गंगा एक्सप्रेसवे की ध्वस्त ड्रेनेज व्यवस्था के कारण सोमवार को जहां किमी 420 के पास सोनिक स्थित टोल लेन और 100 मीटर तक सर्विस लेन स्वीमिंग पुल बनी थी और बरसाती पानी घुटनों से ऊपर तक भर गया था। वहीं मंगलवार को गांव दरोगा खेड़ा के पास किमी 423.6 पर मुख्य मार्ग पर दो बड़े गड्ढे हो गए।
मार्ग पर हुए गड्ढों में एक की गहराई पांच मीटर से अधिक तो व्यास लगभग चार फीट का है। वहीं दूसरा गड्ढा भी पांच मीटर गहरा व तीन फीट व्यास में है। सड़क पर गड्ढा होने के बाद निर्माण एजेंसी पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर सक्रिय हुई और मौके पर दोनों गड्ढों को भरकर मार्ग दुरुस्त कर देने का दावा किया गया है।
गंगा एक्सप्रेसवे पर कार्यदाई संस्था की खराब इंजीनियरिंग के चलते रोड धंसने का सिलसिला थम नहीं रहा है। मंगलवार को भोर पहर गंगा एक्सप्रेसवे की हरदोई प्रयागराज साइड पर फूड प्लाजा के लिए जहां मार्ग पर मोड़ है वहीं पर मुख्य रोड में 50 मीटर आगे दो गड्ढे हो गए। यहां गड्ढों की सूरत बता रही है कि बड़ी मात्रा में जलभराव होने के बाद ड्रेनेज ध्वस्त मिलने पर यहां पर भरा पानी ही सड़क फाड़कर नीचे से बह गया।

दही क्षेत्र के दरोगा खेड़ा गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे की सड़क धसने के बाद मरम्मत कार्य करते श्रमिक। जागरण
सुबह पेट्रोलिंग के लिए गए एजेंसी के कर्मचारियों की नजर इस पर पड़ी तो संस्था के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। उसी दौरान किसी ने यहां का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। जिसकी भनक लगते ही कार्यदाई संस्था के लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों जगह मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।
निर्माण एजेंसी ने दोनों गड्ढों को भरते हुए इन स्थानों की मरम्मत सुबह 10:30 तक पूरी कर दी। पटेल इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट मैनेजर आरएस मिश्रा ने बताया कि असाधारण बारिश के चलते इस प्रकार की कुछ समस्याएं आ रही हैं। जिसे तत्काल ठीक किया जा रहा है। जिससे भविष्य में ऐसी समस्या उत्पन्न न हो यातायात में अब तक कोई समस्या नहीं आई न भविष्य में आएगी।

सोमवार को यहां भी भी हुआ था जलभराव
दही क्षेत्र में बशीरतगंज के गंगा एक्सप्रेसवे पर सोनिक मोड़ के पास टोल व सर्विस लेन तक सोमवार को बारिश का पानी भर गया था। जिसकी गहराई करीब दो फीट रही थी। जिससे गुजरने वाले छोटे वाहनों के अंदर तक पानी घुसने लगा। पानी वाहनों में भर जाने से वाहन चालक खासा परेशान हुए थे। जहां कार्यदाई संस्था के लोगों ने ट्यूबवेल और ट्रैक्टर की मदद से टोल व सर्विस लेन का पानी निकाला था।
बोले विशेषज्ञ
सेवानिवृत्त अधिशासी अभियंता सुबोध कुमार ने बताया कि गंगा एक्सप्रेसवे में ड्रेनेज की खामी व मिट्टी के सही स्तर तक कंपेक्शन न होने के कारण यहां भी जलभराव हो रहा है और पानी उचित स्थान न पाकर सड़क फाड़कर गड्ढा करते हुए वहीं से बह रहा है। पानी के प्रेशर से सड़क का डामर नहीं टिका और गड्ढा हो गया।
