छोटा भाई दुनिया में आया बड़ा हमेशा के लिए चला गया, उन्नाव में पिता की आंखों के सामने बड़े बेटे को ट्रक ने कुचला
बांगरमऊ में एक पिता के घर बेटे के जन्म की खुशी मातम में बदल गई, जब सीएचसी जाते समय ट्रक की टक्कर से उनके चार वर्षीय बड़े बेटे की मौत हो गई। हादसे में ...और पढ़ें
-1785685054127_m.webp)
सड़क हादसे में शाश्वत की मौत पर बांगरमऊ सीएचसी में बिलखते स्वजन। जागरण
HighLights
जन्म लेने वाले बेटे व पत्नी को देखने बड़े बेटे के साथ जा रहा था सीएचसी
ट्रक की टक्कर से बाइक में आगे बैठा बेटा उछलकर नीचे गिरा, पहिए ने रौंदा
संवाद सहयोगी, बांगरमऊ(उन्नाव)। पत्नी ने सीएचसी में बेटे को जन्म दिया तो पिता की खुशियों का ठिकाना नहीं रहा। हालांकि यह खुशी अधिक देर तक टिक न सकी। रविवार सुबह चार वर्षीय बड़े बेटे व चचेरे भाई के साथ सीएचसी जाते समय पिता की बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी। बाइक में आगे बैठा बड़ा बेटा उछलकर सड़क पर गिर गया। ट्रक का पहिया उसे कुचलता हुआ निकल गया। आंखों के सामने बड़े बेटी की मौत से पिता का कलेजा छलनी हो गया। खुशियों की जगह घर में मातम पसर गया।
बेहटा मुजावर क्षेत्र के तामोरिया बुजुर्ग निवासी निर्मल शुक्ला की पत्नी वंदना को रविवार तड़के तीन बजे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। एंबुलेंस से उसे सीएचसी बांगरमऊ में भर्ती कराया गया। कुछ ही देर बाद वंदना ने बेटे को जन्म दिया। जैसे ही यह सूचना घर पहुंची पिता निर्मल शुक्ल खुशी से झूम उठे। सुबह सात बजे निर्मल अपने चार वर्षीय बड़े बेटे शाश्वत व चचेरे भाई राधेश्याम के साथ बाइक से सीएचसी बांगरमऊ जाने के लिए निकले। शाश्वत बाइक में आगे बैठा था।
नगर के नवीन गल्ला मंडी के सामने पहुंचते ही पीछे से एक अन्य वाहन को ओवरटेक कर रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक में आगे बैठा शाश्वत उछलकर सड़क पर जा गिरा। इसी बीच ट्रक का पहिया उसे रौंदता हुआ निकला गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
पिता निर्मल और राधेश्याम बाल-बाल बच गए। बेटे का क्षत-विक्षत शव देख निर्मल की चीख निकल गई। हादसे के बाद चालक और खलासी ट्रक छोड़कर मौके से भाग निकले। उधर सीएचसी में भर्ती मां वंदना को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, वह चीख पड़ी। माता-पिता के अलावा अन्य स्वजन बेहाल हैं। कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।