Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Unnao Mohan MLA Report Card: शिक्षा-स्वास्थ्य पर हुआ काम, डिग्री कॉलेज व फलमंडी की आस अधूरी

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 09:20 PM (GMT+05:30)

    उन्नाव के मोहान विधायक बृजेश रावत ने अपने कार्यकाल में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क निर्माण में कई कार्य किए हैं। हालांकि, राजकीय इंटर कॉलेज, डिग्री कॉले ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. स्वास्थ्य केंद्रों का उच्चीकरण, नए पुलों का निर्माण कराया।

    2. कई सड़कों का चौड़ीकरण और नवीनीकरण कार्य पूरा हुआ।

    3. राजकीय कॉलेज, फलमंडी जैसे वादे अभी भी अधूरे।

    जागरण संवाददाता, उन्नाव। जंगे आजादी के पुरोधा मौलाना हसरत मोहानी की जन्मस्थली मोहान के नाम पर मोहान विधानसभा है। इस क्षेत्र से दूसरी बार विधायक बने बृजेश रावत ने स्वास्थ्य, शिक्षा पर ध्यान देने के साथ सड़क व पुल-पुलियों का निर्माण कराया है। लेकिन आम नागरिकों का कहना है कि विकास की वह रोशनी अब भी नहीं फैल सकी है जिसकी दरकार है। राजकीय इंटर व डिग्री कालेज, मैंगो पाली पैक हाउस व फलमंडी न बनने से जनता की आस अब तक अधूरी है।

    मोहान विधानसभा क्षेत्र में तीन ब्लाक हसनगंज, औरास और नवाबगंज तथा नगर पंचायतों में मोहान, औरास, न्योतनी, और नवाबगंज कस्बे शामिल हैं। चार वर्ष के कार्यकाल में विधायक बृजेश रावत ने औरास प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण करा सीएचसी बनवाने, संदाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुलवाने, जहां वर्षों से लोग बांस के पुल से आवागमन कर रहे थे वहां सई नदी पर 17 करोड़ की लागत से व भोगला में पांच करोड़ की लागत से पुल बनवाने का काम पूरा करा चुके हैं। इससे क्षेत्र के 20 हजार से अधिक लोगों को आवागमन में राहत मिली है।

    इसके साथ ही मोहान-मलिहाबाद मार्ग का चौड़ीकरण, मोहान-अजगैन मार्ग का 24 करोड़ 45 लाख की लागत से निर्माण, मोहान-लखनऊ मार्ग पर पुरा मुस्लिम बार्डर से मोहान पुल तक 5 किमी 800 मीटर सड़क का 8 करोड़ 91 लाख की लागत से चौड़ीकरण. मोहान-औरास मार्ग का 24 करोड़ 45 लाख से चौड़ीकरण, 10 करोड़ से मुंशीगंज मार्ग चौड़ीकरण, आगरा एक्सप्रेसवे पर औरास और मटरिया में स्लोप बनवाने, अदौरा में राजकीय हायर सेकेंड्री स्कूल खोलवाने व सोहरामऊ में पशु चिकित्सालय खुलवाने का काम विधायक ने कराया है।

    क्षेत्रीय जनता का कहना है कि उम्मीद थी कि विधायक बेरोजगारी कम करने के लिए कुटीर एवं लघु उद्योग लगवाने का काम करेंगे, आवागमन के लिए रोडवेज बसें बढ़वाएंगे, शिक्षा और व्यापार के क्षेत्र में योजनाएं लाकर राहत देंगे। चुनाव के समय रही प्रमुख समस्याओं में फल मंडी, मैंगो पाली पैक हाउस, राजकीय इंटर कालेज व डिग्री कालेज का वादा अब भी अधूरा है।

    खबरें और भी

    गत विधानसभा चुनाव के समय भी क्षेत्र में एक भी राजकीय महिला इंटर कालेज और महाविद्यालय नहीं होने, आम फल पट्टी होने के बावजूद बागवानों के लिए किसी तरह की कोई व्यापारिक सुविधा न होने, नहरों में समय से पानी न आने, जर्जर पुल और पुलिया, फलमंडी आदि की समस्या चुनावी मुद्दे में शामिल थीं। विधायक इन समस्याओं में राजकीय इंटर कालेज व डिग्री कालेज बनवाने, फलमंडी, मैंगो पाली पैक हाउस बनवाने का वादा अब तक पूरा नहीं कर सके हैं। हालांकि उनका कहना है निरंतर प्रयास कर रहा हूं।

    164-मोहान विधानसभा

     

    • कुल मतदाता----310563
    • महिला मतदाता---140670
    • पुरुष मतदाता----169881
    • थर्ड जेंडर--------12


    सदन में 99 प्रतिशत रही उपस्थिति... 15 बड़े कामों का रखा था प्रस्ताव, सभी पूरे

    मोहान विधायक बृजेश रावत ने बताया कि सदन में उनकी उपस्थिति 99 प्रतिशत रही। सई नदी पर 17 करोड़ की लागत से व भोगला में पांच करोड़ की लागत से पुल बनवाने का, हसनगंज-अजगैन मार्ग निर्माण जैसे 15 बड़े कामों का प्रस्ताव सदन में रखा था। सभी पूरे हो चुके हैं।


    जब मैं चुनाव लड़ा था मेरे क्षेत्र की सड़कों की हालत दयनीय थी। विधायक निधि के साथ ही निजी प्रयासों से शासन से करोड़ों रुपये लाकर पुल और सड़कों के चौड़ीकरण नवीनीकरण का काम कराया है। अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार कराया। हायर सेकेंड्री स्कूल भी खुलवाएं हैं। विधानसभा क्षेत्र की मुख्य सड़के चौड़ी कराने के साथ गांवों को जोड़ने वाली सड़कों को डामरीकरण कराया है। फलमंडी व और फल पर आधारित उत्पाद बनाने वाली फैक्ट्री तथा मैंगो पाली पैक हाउस बनवाने का प्रस्ताव पास हो गया है। जो वादे किए थे वह अधिकतर पूरे हो गए हैं। उनमें जो रह गए हैं उनके भी प्रस्ताव पास हो गए हैं। राजकीय इंटर व डिग्री कालेज के लिए मुख्यमंत्री व उच्च शिक्षा राज्यमंत्री को मांग पत्र दे चुका हूं उम्मीद है जल्द ही उसे मंजूरी मिल जाएगी। अभी निधि में 94.01 लाख रुपये है उससे काम के लिए प्रस्ताव दे चुका हूं। यह काम होने बाकी हैं।
    बृजेश रावत, विधायक मोहान विधानसभा


    भाजपा विधायक विकास कराने के लंबे चौड़े दावे कर रहे हैं। लेकिन क्षेत्र की जनता स्वयं को ठगा महसूस कर रही है। नहरों में पानी नहीं आता, बेसहारा मवेशी फसल बर्बाद कर रहे हैं, किसान परेशान हैं। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल है। गरीबों की जमीनों पर कब्जे कराए जा रहे हैं। मैं तो कहूंगी अन्याय से भाजपाई खुद भी त्रस्त हैं। थानों, ब्लाक तहसील में कमीशनखोरी व भ्रष्टाचार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। फलमंडी और पाली पैक हाउस, उग्री व इंटर कालेज बनवाने का वादा भी झांसा ही साबित हुआ। अजगैन पुल नहीं बन पाया।
    डा. आंचल वर्मा, निकटतम प्रतिद्वंदी सपा प्रत्याशी


    विधायक बृजेश रावत के विगत चार वर्षों के कार्यकाल में क्षेत्र का विकास हुआ है। सड़कों व पुलों का जाल तो बिछाया गया है। लेकिन स्वास्थ्य सुविधा में सुधार की अभी और जरूरत है। सीएचसी हसनगंज में विशेषज्ञ डाक्टर, सर्जन तैनात करने की जरूरत है। शिक्षा के लिए स्कूल खुलवाना चाहिए।
    डा. ताहिर, मोहान


    क्षेत्र में उच्च शिक्षण संस्थान न होने से छात्र छात्राओं को लखनऊ या फिर अन्य शहरों में पढ़ने के लिए घर से दूर जाने की मजबूरी बन गई। बिजली की समस्या में सुधार कराने की अभी और जरूरत है। वैसे विधायक ने इस बार विकास कार्य खूब कराए हैं।
    ओम जी तिवारी, खड़वारी


    सड़क पुल, स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम हुआ पर क्षेत्र में आम मंडी बनवाने के लिए चुनाव में किया गया वादा पूरा नहीं हुआ है। मकूर में फल मंडी बनाए जाने के लिए जगह चिह्नित किए जाने की सूचना है। रसूलाबाद और औरास मार्ग चौड़े होने से आवागमन सुगम हुआ है।
    आशीष निगम, मोहान


    विधायक बृजेश रावत ने चार वर्ष में वर्षों से खराब मोहान अजगैन मार्ग, अजगैन रेलवे पुल, मोहान अजिगांव पुल बनने समेत कई सड़कों का निर्माण कराए हैं। जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है। कई मंदिरों का सुंदरीकरण हुआ है। उच्च शिक्षा में कार्य की जरूरत है।
    आशीष सेंगर, अधिवक्ता हसनगंज तहसील।