Unnao Sadar MLA Report Card: गंगा पुल समेत कई काम पूरे, फिर भी शुद्ध पानी और सीवेज सिस्टम बड़ी चुनौती
उन्नाव सदर विधानसभा में गंगापुल जैसे कई विकास कार्य पूरे हुए हैं, लेकिन शुद्ध पेयजल, सीवेज सिस्टम और बाढ़ नियंत्रण जैसी प्रमुख समस्याएं अभी भी बनी हुई ...और पढ़ें

HighLights
सदर विधानसभा में नया गंगापुल निर्माण कार्य पूरा हुआ।
शुद्ध पेयजल और सीवेज सिस्टम की समस्या अभी भी बरकरार।
बाढ़ नियंत्रण, विद्युत तारों का मकड़जाल बड़ी चुनौती बना।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। सदर विधानसभा क्षेत्र की सबसे अहम समस्याओं में शुक्लागंज में नया गंगापुल, दोस्ती नगर नहर की सकरी पुलिया के स्थान पर पुल के निर्माण, दोस्ती नगर से कानपुर-लखनऊ हाईवे को जोड़ने वाले बाईपास मार्ग, शुक्लागंज में मार्जिनल बांध समेत कई सड़कों और पुल-पुलिया का निर्माण तो खूब कराया गया, लेकिन अब भी चंदनखेड़ा और सथरा गांव के लोगों को पीने के लिए शुद्ध पानी नहीं मिल सका है।
यह बात अलग हैं पानी की टंकी का निर्माण चल रहा है और आने वाले समय में शुद्ध पानी मिलने लगेगा। हैबतपुर गंगाघाट के निवासी हाईवे से जोड़ने वाले मुख्यमार्ग की राह ताक रहे हैं तो शहरवासियों की विद्युत तारों के मकड़जाल से छुटकारा मिलने आस अब भी अधूरी है। शहर में आधे-अधूरे सीवेज सिस्टम से लोगों हर वर्षा में जलभराव का सामना करना पड़ता है। वहीं बाढ़ की समस्या से अब तक लोगों को निजात नहीं मिल पाई है।
सिकंदरपुर सरोसी क्षेत्र में परियर-बिठूर मार्ग से माना बंगला, बाबू बंगला तथा श्मशान घाट और स्नान घाट को जाने वाले मार्ग व मार्ग में पड़ने वाली पुलिया का निर्माण कराया गया है। सथरा ग्राम पंचायत के गांव करीमाबाद, चंदनखेड़ा, मोहद्दीपुर कोठरियां गांव में फ्लोराइड युक्त पानी से छुटकारा दिलाने की मांग लंबे समय से चल रही है। 2022 के चुनाव में भी यह समस्या मुद्दा बनी थी।
समाधान के लिए विधायक ने निजी प्रयासों से आरओ लगवाए थे, लेकिन फ्लोराइड की अधिकता के कारण पाइप गल गए। पेयजल टंकी का निर्माण हो रहा है पर कछुआ चाल से। इससे लोगों को अभी समस्या से छुटकारा पाने के लिए और प्रतीक्षा करनी होगी। परियर श्मशान घाट पर विधायक ने टिनशेड लगवा एक इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाया, करीमाबाद, कोठरियां, मोहद्दीपुर, चंदन खेड़ा में विधायक ने एक-एक वाटर प्लांट लगवाया। शुद्ध पेय जल की समस्या अब भी बनी है।
खबरें और भी
विधायक का कहना है कि जल जीवन मिशन के तहत समस्या का समाधान किया जा रहा है। पोल और तार बदलवाने का काम कराया गया था, लेकिन अब भी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक विद्युत तारों का मकड़जाल देखा जा सकता है। गंगाघाट में पोनी रोड चौड़ीकरण, श्यामाप्रसाद मुखर्जी गंगा पुल का निर्माण, सरैया वाटिका का निर्माण और सुंदरीकरण, गंगाघाट पुल के नीचे वाली सड़क का निर्माण, आरती स्थल और अंत्येष्टि घाट का निर्माण, मार्जिनल बांध निर्माण आदि सभी कार्य पूर्ण करा दिए हैं।
हैबतपुर से हाईवे जाने वाले मार्ग का निर्माण शेष है। शहर में भी विधायक ने स्पोर्ट्स स्टेडियम के विस्तार, टेनिस कोर्ट, बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हाल, क्रिकेट पिच, फ्लड लाइट आदि का कार्य कराया है। लेकिन शहर में जल निकासी के लिए सीवरेज सिस्टम की अहम समस्या से नागरिकों को जल भराव का सामना करना पड़ रहा है। अमृत योजना के तहत इसका समाधान कराने को कहा गया लेकिन अमृत योजना का कार्य रफ्तार नहीं पकड़ सका। जो शहरवासियों को रास नहीं आ रहा है।
सदर विधानसभा उन्नाव
- कुल मतदाता----3,50,224
- पुरुष मतदाता---1,88,755
- महिला मतदाता--1,61,460
- थर्ड जेंडर------09
विधानसभा क्षेत्र की सबसे अहम समस्या ब्रिटिश हुकूमत का पुराना गंगापुल गिरने के बाद नए गंगापुल निर्माण कराने की थी। नया गंगापुल का निर्माण शुरू हो गया है। ट्रांसगंगा सिटी के सामने भी एक पुल बनेगा। सदर विधानसभा क्षेत्र में 38.7 करोड़ की 11 परियोजनाओं की आधार शिला रखी गई है। 127.04 करोड़ की परियोजनाएं पूरी होने पर मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया था। पं. दीनदयाल स्पोर्ट्स, श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम को विकसित कराया है। दोस्तीनगर से बाईपास मार्ग बनवाकर हाईवे से जोड़ने, उन्नाव हरदोई मार्ग के चौड़ीकरण, दोस्तीनगर में नहर पुल, श्रीराम लीला मैदान का कार्य चल रहा है। परियर माना बंगला पुलिया निर्माण चल रहा है। थाना से परमनी-परियर मार्ग का चौड़ीकरण, शुक्लागंज में मार्जिनल बांध आदि का काम कराया है। 12.5 करोड़ रुपया अपनी निधि से दिया है। अभी निधि से पांच करोड़ के कार्य प्रस्तावित हैं। सथरा में पानी की समस्या के समाधान को टंकी बनवा रहा हूं। शहर में सीवरेज व विद्युत तारों की समस्या का जल्द समाधान होगा।
- पंकज गुप्ता, सदर विधायक
सदर विधायक के चुनावी वादों और जमीनी हकीकत में फर्क है। चुनाव के समय विधायक द्वारा किए गए विकास के वादे धरातल पर अधूरे नजर आ रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र का विकास कराने से ज्यादा निजी विकास पर ध्यान दिया है। विधानसभा क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या बाढ़ है। मार्जिनल बांध पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शुक्लागंज और गोताखोर जैसे इलाकों में भी बाढ़ हर साल भयंकर रूप ले लेती है। इस गंभीर समस्या के बावजूद निस्तारण के लिए कोई बड़े कदम नहीं उठाए गए हैं। बिजली और जल निकासी की समस्या से उन्नाव शहरवासी परेशान हैं।
- डा. अभिनव कुमार, पूर्व सपा प्रत्याशी व रनर
बोले विधानसभा क्षेत्र के निवासी
हैबतपुर से घोंघी रौतापुर जाने वाला मार्ग से कानपुर-लखनऊ हाईवे को जोड़ता है। इसमें हैबतपुर से लेकर घोंघी रौतापुर तक लगभग 1300 मीटर सड़क बदहाल है जिससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क बन जाए तो सीधे हाईवे से गांव जुड़ जाएगा और अवागमन सुगम हो जाएगा।
- अनूप कुमार, निवासी घोंघी रौतापुर
पेयजल की समस्या वर्षों पुरानी है हर चुनाव में वादा किया जाता है पर अब तक समाधान नहीं हो सका है। दो किमी दूर बरकोता पुल के पास लगे इंडिया मार्का हैंड पाइप से पानी लेकर आते हैं। विधायक ने आरओ प्लांट लगवाया था वह भी फ्लोराइड के कारण खराब है।
ब्रजेश, करीमाबाद
चुनाव के दौरान विधायक ने पेयजल की समस्या का समाधान कराने का वादा किया था। आज तक मेरे फ्लोराइड व खारा पानी की अहम समस्या है का समाधान नहीं हो सका है। वैसे विधायक ने बिजली व्यवस्था, सड़क, पुल पुलिया बनवाने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुधारने का काम किया है।
दिनेश, चंदनखेड़ा
विधायक ने विकास कार्य तो खूब कराया है। जनता से सीधा संवाद उनकी अच्छी कार्यशैली है। अगर शहर की जल निकासी व्यवस्था का स्थायी समाधान और बिजली पोल व तार लगवाकर बांस बल्लियों पर दौड़ रहे तार हटवाने का काम कर दें तो शहर वासियों को समस्या से छुटकारा मिल जाएगा।
बउवा तिवारी, लोकनगर