उन्नाव के 9204 उपभोक्ताओं पर संकट, कभी बंद हो सकती है बिजली सप्लाई, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती
उन्नाव में 9204 स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति कभी भी बंद हो सकती है क्योंकि उनका बैलेंस 1000 रुपये से नीचे है। बिजली विभाग ने इन उपभोक्ताओं ...और पढ़ें

HighLights
एक हजार से नीचे बैलेंस वाले कनेक्शन धारक कार्रवाई की जद में
बिजली विभाग ने कम बैलेंस वाले उपभोक्ताओं रिचार्ज कराने को किया सजग
यूपीपीसीएल वेबसाइट या डिजिटल माध्यम से तुरंत रिचार्ज करें।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। शहर के 9204 स्मार्ट मीटर बिजली उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति कभी भी बंद हो सकती है। इन उपभोक्ताओं का बैलेंस एक हजार के नीचे है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से बचने के लिए बिजली विभाग ने रिचार्ज कराने की अपील की।
जिले में 1.2 लाख स्मार्ट मीटर लग गए है और इन्हें इंस्टाल भी कर दिया गया है। वहीं शहर में यह संख्या 27 हजार है। अभी तक बिल नहीं जमा होने पर विभाग की तरफ से नोटिस भेजा जाता था, इसके बाद बिजली कनेक्शन काटा जाता था। लेकिन अब स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं का बिल माइनस होने पर खुद ब खुद बिजली का कनेक्शन कट जाएगा। शहर में 9204 ऐसे बिजली उपभोक्ता हैं, जिनका बैलेंस एक हजार के नीचे आ चुका है। ऐसे में कभी भी इन उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बंद हो सकती है।
एक्सईएन हिमांशू गौतम ने बताया कि विद्युत निगम ने सभी स्मार्ट मीटरों को लाइव कर दिया है। ऐसे में निगेटिव बैलेंस वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन खुद कट जाएगा। यह नई व्यवस्था जिले में लागू गई है। इससे उपभोक्ताओं को बिजली कटने की आशंका है। यूपीपीसीएल की वेबसाइट पर जाकर उपभोक्ता रिचार्ज कर सकते हैं।
ऐसे भी कर सकते हैं भुगतान
बिजली बिल का भुगतान उपभोक्ता डिजिटल माध्यम से कर सकते हैं। इसके लिए यूपीपीसीएल की वेबसाइट, मोबाइल एप, फोनपे, गूगल पे सहित अन्य डिजिटल प्लेटफार्म के जरिए भुगतान किया जा सकता है। समय पर बिल का भुगतान करने पर उपभोक्ताओं को छूट भी दी जाएगी। भुगतान के 15 मिनट बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
खबरें और भी
आज सात घंटे बाधित रहेगी विद्युत आपूर्ति
अजगैन विद्युत उपकेंद्र की सोमवार को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक सप्लाई बंद रहेगी। एसडीओ रुद्र प्रताप ने बताया कि सोमवार को अजगैन उपकेन्द्र के सभी फीडरों की लाइन की जांच व मरम्मत का कार्य किया जाना है। जिससे अजगैन पावर हाउस के सभी फीड़रों की सप्लाई बाधित रहेगी।