उन्नाव: प्लास्टिक गोदाम में श्रमिक की करंट लगने से मौत, सुरक्षा पर उठे सवाल
उन्नाव के नासिरखेड़ा गांव में एक प्लास्टिक गोदाम में काम करते समय 20 वर्षीय अभिषेक राजपूत की करंट लगने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

HighLights
उन्नाव के प्लास्टिक गोदाम में श्रमिक की करंट से मौत।
मृतक अभिषेक राजपूत कानपुर के लक्ष्मीपुरवा का निवासी था।
स्थानीय लोगों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। कानपुर के रायपुरवा क्षेत्र के लक्ष्मीपुरवा निवासी 20 वर्षीय अभिषेक राजपूत कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सदर क्षेत्र के नासिरखेड़ा गांव के पास एक प्लास्टिक गोदाम में काम करता था।
सोमवार रात लगभग आठ बजे काम के दौरान उसके अंगूठे में करंट लग गया। जिससे उसकी मौत हो गई। अभिषेक अपनी मां राजकुमारी के साथ गोदाम के सामने चिद्दू कुशवाहा के घर पर किराए का कमरा लेकर रहता था। बेटे का शव देख मां राजकुमारी बेहाल हो गई।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गोदाम में बिना सुरक्षा मानकों का ध्यान रखकर मजदूरों से काम कराया जाता है। लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग की। सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जासं
बीमारी से परेशान युवक ने कीटनाशक खाकर दी जान
सफीपुर: सफीपुर क्षेत्र देवगांव निवासी 25 वर्षीय रंजीत यादव किडनी की बीमारी से जूझ रहा था। परेशान हो रंजीत ने सोमवार दोपहर घर में रखा कीटनाशक खा लिया। स्वजन सीएचसी सफीपुर ले गए, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
बहन खुशी यादव ने बताया कि भाई रंजीत किडनी की बीमारी से परेशान था। बीमारी के कारण कोई काम नहीं कर पाता था। मां मालती देवी, भाई राजू अजीत समेत स्वजन बेहाल हैं। कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि स्वजन ने इस तरह की कोई सूचना नहीं दी है।
खबरें और भी
बिठूर गंगाघाट परिसर में मिला घर से लापता बालक
चकलवंशी: माखी क्षेत्र के रुकनापुर पावा चौराहा निवासी प्रेमचंद्र का 12 वर्षीय बेटा कृष्णा अवतार रविवार दोपहर लगभग तीन बजे बिना बताए घर से चला गया था। देर शाम तक घर न लौटने पर स्वजन ने खोजबीन की पर उसका पता नहीं चल सका। इस पर उन्होंने माखी पुलिस को जानकारी दी।
सोमवार सुबह लगभग नौ बजे लवकुश पांडेय नाम के युवक ने स्वजन को फोन कर बताया कि उनका बेटा कृष्णा बिठूर गंगा घाट परिसर में लेटा हुआ है। जानकारी मिलते ही पिता प्रेमचंद्र मौके पर पहुंचे। कृष्णा को देख उसे घर ले आए। कृष्णा घर से क्यों गया, इसकी जानकारी स्वजन नहीं दे पाए।
रास्ते से कार हटाने को कहा तो राड से पीटा, पांच पर रिपोर्ट
चकलवंशी: माखी क्षेत्र के अलगनगढ़ गांव निवासी शुभम कुमार रावत ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रविवार शाम दोस्त रंजीत के साथ रुपऊ गांव की बाजार में सामान खरीदने गया था।
घर लौटते समय मर्दनखेड़ा के पास रास्ते में कार खड़ी हुई थी। जिस पर उसने निकलने के लिए रास्ता देने की बात कही तो कार में बैठे मानस, नीरज ने तीन अज्ञात लोगों के साथ लोहे की राड से पीटा। थाना प्रभारी योगेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर पांच के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।