विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Akanksha Dubey Live Video: कुछ कहना चाहती थी आकांक्षा दुबे, रात 2 बजे इंस्टाग्राम अकाउंट पर आई थी लाइव, लेकिन…

By Shivam YadavEdited By: Shivam Yadav
Published: Sun, 26 Mar 2023 06:05 PM (IST)

आकांक्षा की पिछली पोस्ट उन्हें प्यार में धोखा मिलने के संकेत दे रही हैं हालांकि इस बारे में उन्होंने कभी ...और पढ़ें

आकांक्षा दुबे ने बीती रात बनारस के एक होटल में सुसाइड कर लिया।
आकांक्षा दुबे ने बीती रात बनारस के एक होटल में सुसाइड कर लिया।

वाराणसी, जागरण ऑनलाइन डेस्क। भोजपुरी एक्ट्रेस और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर आकांक्षा दुबे ने बीती रात बनारस के एक होटल में सुसाइड कर लिया। आकांक्षा दुबे का शव उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला था। घटना के बाद से सबसे बड़ा सवाल यह उभर के आया है कि एक एक्ट्रेस जो अपने करियर की ऊंचाईयों को छू रही थी और अपनी अगली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थी, आखिर उसे ऐसा क्या सदमा लग गया कि उसने अपनी जान दे दी।

भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की आत्महत्या के पीछे का कारण जानने के लिए पुलिस जांच में जुटी है। लेकिन, दूसरी तरफ एक और फैक्ट यह सामने आया है कि आकांक्षा अपनी मौत से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर लाइव आई थी।

तकरीबन रात को 2 बजे आकांक्षा दुबे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाइव आई थी। वह कितनी देर लाइव रही इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है, क्योंकि उनके अकाउंट से यह वीडियो हटा भी दिया गया है। बता दें कि उनके अकाउंट को पुष्कर प्रियदर्शी मैनेज करते हैं। इनका नाम ही आकांक्षा के अकाउंट में मेंशन किया गया है।

यहां देखें वीडियो-

क्या आकांक्षा को प्यार में धोखा मिला था?

आकांक्षा की पिछली पोस्ट और रील्स उन्हें प्यार में धोखा मिलने के संकेत दे रही हैं, हालांकि इस बारे में उन्होंने कभी स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा। कल के लाइव में भी वह सिर्फ रोती रहीं। 3 मार्च को आकांक्षा ने ‘मुझे प्यार हुआ था’ गाने पर एक रील बनाई थी। 

एक और पोस्ट में उन्होंने अंग्रेजी में लिखा था, ‘मुझे दो चेहरे वाले लोगों से नफरत है। यह निर्णय लेना मुश्किल होता है कि कौन से चेहरे पहले थप्पड़ मारा जाए’। बता दें कि इसी साल वैलेंटाइन डे को आकांक्षा ने रिलेशनशिप रिवील करते हुए भोजपुरी एक्टर समर सिंह के साथ एक पोस्ट डाली थी।

हिट एक्ट्रेस की मौत से टूटा फैंस का दिल

​भोजपुरी सिनेमा की हिट एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ​आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। उन्हें भोजपुरी सिनेमा की क्वीन भी कहा जाता है। अपने करियर में आकांक्षा ने कई हिट फिल्में दी हैं और लगभग सभी भोजपुरी सुपरस्टार्स संग स्क्रीन शेयर कर चुकी हैं। एक्ट्रेस की मौत की खबर उनके फैंस के लिए दिल तोड़ने वाली है।

यहां हुई घटना

वाराणसी के सारनाथ के बुद्धा सिटी कॉलोनी स्थित होटल सुमेन्द्रा के कमरा नंबर 105 में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे (25) ने रविवार की देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम कमरे की जांच कर साक्ष्य जुटाने में जुटी है।

बर्थडे पार्टी से लौटी थी आकांक्षा

आकांक्षा 25 मार्च को रात 8 बजकर 30 मिनट पर होटल से बाहर एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गई थी। देर रात करीब 1 बजकर 55 मिनट पर वह वापस होटल लौटी। इसके बाद उन्होंने अपनी केयर टेकर रेखा मौर्या से अपने कमरे की चाबी मांगी और कमरे में चली गई।

भदोही जिले की रहने वाली थी एक्ट्रेस

आकांक्षा दुबे मूलरूप से भदोही जिले के पर्सीपुर गांव की रहने वाली थी। हाल के दिनों में मुंबई के नालासोपारा में रहती थी। वह लायक फिल्म की शूटिंग के लिए सुमेन्द्रा होटल के रूम नंबर 205 में 23 मार्च को भोर में 3.15 पहुंची थी। इनके साथ मेकअप आर्टिस्ट राहुल शर्मा, हेयर ड्रेसर रेखा मौर्या व संजय यादव थे। रविवार सुबह नाटी इमली क्षेत्र में भोजपुरी फिल्म ‘लायक’ की शूटिंग के लिए राहुल को आकांक्षा को बुलाने के लिए कहा गया।

होटल में राहुल ने दरवाजा खटखटाया व कालबेल दबाया। कोई आवाज न आने पर मैनेजर रितेश कुमार मेहता को सूचित किया। रितेश ने इंटरकॉम से फोन किया। कोई आवाज न आने पर मास्टर चाभी से कमरा खोला तो भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे का शव दुपट्टे से पंखे में लटका मिला। होटल मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। 

पुलिस आकांक्षा के परिजनों व करीबियों से पूछताछ कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि कमरा अंदर से बंद था। लेकिन शव दुपट्टे के सहारे बेड पर बैठे अवस्था में मिली है। यह जांच का विषय है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।