विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

29-30 अक्टूबर को वाराणसी में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, प्रशासन ने जारी की सुरक्षा अपील

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 27 Oct 2026 09:34 PM (IST)

भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के अनुसार, वाराणसी में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश, गरज-चमक और आंधी ...और पढ़ें

वाराणसी में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट: 29-30 अक्टूबर के लिए प्रशासन की सुरक्षा अपील। (AI Image)

वाराणसी में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट: 29-30 अक्टूबर के लिए प्रशासन की सुरक्षा अपील। (AI Image)

HighLights

  1. वाराणसी में 29-30 अक्टूबर को भारी बारिश, आंधी की संभावना।

  2. जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, सुरक्षा प्राथमिकता देने की अपील।

  3. आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें, सुरक्षित स्थानों पर रहें।

जागण संवाददाता, वाराणसी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की चेतावनी के अनुसार वाराणसी में 29 एवं 30 अक्टूबर को भारी वर्षा, गरज-चमक और आंधी-तूफान की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और अपनी तथा परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। तेज हवाओं और बारिश से जलभराव, पेड़ या बिजली के खंभे गिरने तथा कमजोर भवनों को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से लेने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। जर्जर भवनों, कच्चे मकानों, कमजोर दीवारों, क्षतिग्रस्त छतों और अस्थायी टिनशेड में रहने वाले परिवार मौसम बिगड़ने से पहले सुरक्षित एवं मजबूत स्थान पर चले जाएं। बच्चों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और बीमार लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई है।

आंधी-तूफान के दौरान पक्के और सुरक्षित भवन के भीतर रहें। खिड़कियों, कांच के दरवाजों, बालकनी और छत के किनारों से दूर रहें। पेड़ों, कमजोर दीवारों, होर्डिंग्स, मोबाइल टावरों, बिजली के खंभों और निर्माणाधीन ढांचों के पास खड़े न हों। खुले मैदान, खेत, छत, तालाब और नदी के आसपास गरज-चमक के दौरान न रुकें तथा पेड़ के नीचे आश्रय न लें।

भारी बारिश में जलभराव वाली सड़कों, नालों, अंडरपास और निचले इलाकों से गुजरने से बचें। पानी की गहराई और बहाव का अनुमान लगाना कठिन हो सकता है, इसलिए पैदल या वाहन से पानी भरे रास्ते पार न करें। नदी और घाटों के आसपास सतर्क रहें तथा खराब मौसम में नौका विहार और अन्य जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचें।

टूटे बिजली के तारों और क्षतिग्रस्त खंभों से दूर रहें। उन्हें छूने या हटाने का प्रयास न करें और संबंधित विभाग को सूचना दें। गीले हाथों से स्विच, खुले तार या विद्युत उपकरण न छुएं। घर में पानी भरने पर बिजली बंद कराने के लिए विभाग की मदद लें।

नागरिक घर में पीने का पानी, जरूरी दवाएं, प्राथमिक उपचार सामग्री, टार्च, अतिरिक्त बैटरी और चार्ज मोबाइल तैयार रखें। बच्चों को अकेले बाहर न जाने दें। किसानों से कटी फसल सुरक्षित रखने और खराब मौसम में खेतों में काम न करने की अपील की गई है। पशुओं को खुले असुरक्षित स्थानों पर न बांधें।

प्रशासन ने अनावश्यक यात्रा से बचने, अफवाहें न फैलाने और किसी भी सूचना की पुष्टि आधिकारिक माध्यमों से करने को कहा है। नागरिकों से अपील है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, आपात स्थिति की सूचना संबंधित विभाग को दें और जरूरतमंद पड़ोसियों की मदद करें। सतर्कता और समय पर सावधानी से दुर्घटनाओं का जोखिम कम किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।