रक्षाबंधन पर 200 करोड़ से अधिक का कारोबार, झूम उठा काशी का त्योहारी बाजार
रक्षाबंधन पर्व पर काशी का बाजार 210 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार के साथ गुलजार रहा। मिठाई, आभूषण, गिफ्ट ...और पढ़ें

रक्षाबंधन पर काशी में 210 करोड़ से अधिक का कारोबार बाजार में रौनक।
HighLights
काशी में रक्षाबंधन पर 210 करोड़ से अधिक का कारोबार।
सराफा, मिठाई और गिफ्ट आइटम की हुई बंपर बिक्री।
स्थानीय ग्राहकों और आसपास के जिलों से आई भीड़।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के पर्व रक्षाबंधन पर काशी का बाजार भी खूब गुलजार रहा। राखी, मिठाई, गिफ्ट आइटम, वस्त्र और आभूषण समेत विभिन्न कारोबार को मिलाकर करीब 210 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार हुआ। गुरुवार की रात तक शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारों की भीड़ बनी रही।
स्थानीय ग्राहकों के साथ आसपास के जिलों से आए लोगों ने भी जमकर खरीदारी की। काशी पूर्वांचल का प्रमुख व्यापारिक केंद्र होने के कारण रक्षाबंधन पर यहां का कारोबार व्यापक रहा। चौक, ठठेरी बाजार और गोदौलिया के सराफा बाजार से पूर्वांचल के कई जिलों के साथ बिहार के कुछ हिस्सों में भी आभूषणों की आपूर्ति होती है।
वहीं, राखी और गिफ्ट आइटम की थोक खरीदारी के लिए राजादरवाजा, छत्तातले और हड़हासराय प्रमुख केंद्र रहे। मिठाइयों, आभूषण व गिफ्ट आइटम आदि की जबरदस्त बिक्री से 210 करोड़ से अधिक का कारोबार हो गया।
पिछले वर्ष की तुलना में इस बार मिठाई कारोबार में करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। खोवा से बनी मिठाइयों की मांग रही। सावन के कारण घेवर भी खूब बिका। काजू बर्फी, मोतीचूर के लड्डू और मेवा से बनी मिश्रित मिठाइयों की बिक्री अच्छी रही। गिफ्ट पैक और गिफ्ट हैंपर भी ग्राहकों को खूब पसंद आए। - शिखर यादव, क्षीर सागर।
इस बार मिठाई कारोबार में पिछले वर्ष से ज्यादा बिक्री हुई है। चीनी के दाम बढ़ने का कुछ असर जरूर रहा, लेकिन त्योहार पर ग्राहकों की खरीदारी पर इसका खास प्रभाव नहीं पड़ा। मेवा से बने लड्डू, छेना की मिठाइयां, छेना रोल, छेना पाई और रस माधुरी की मांग रही। बच्चों के लिए चाकलेट लड्डू, रोज लड्डू और चाकलेट बर्फी जैसे उत्पाद भी खूब बिके। - चंदन गुप्ता, राजबंधु।
गिफ्ट आइटम में बेकरी, टाफी, बिस्किट, चाकलेट, कैंडी, फैंसी चाकलेट, चिप्स, कुरकुरे, नमकीन और अन्य पैक्ड उत्पादों की अच्छी बिक्री हुई। रक्षाबंधन पर करीब 35 करोड़ रुपये के गिफ्ट आइटम का कारोबार हुआ है। - अजीत सिंह बग्गा, बेकरी कारोबारी।
सराफा बाजार में भी रक्षाबंधन पर्व को लेकर जबरदस्त उत्साह रहा। बहनों ने भाइयों के लिए सोने-चांदी की राखियां खरीदीं तो भाइयों ने बहनों को अंगूठी, कान की बाली, झुमकी, ब्रेसलेट और टप्स समेत आभूषण भेंट किए। रक्षाबंधन पर सराफा बाजार में करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।- रवि सर्राफ, सराफा कारोबारी।
एक नजर पर्व पर हुए कारोबार पर
सराफा कारोबार : 100 करोड़ रुपये
मिठाई कारोबार : 45 करोड़ रुपये
गिफ्ट व चाकलेट आइटम : 35 करोड़ रुपये
राखी कारोबार : 20 करोड़ रुपये
वस्त्र कारोबार : 10 करोड़ रुपये
