सीएम योगी ने वाराणसी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया हवाई सर्वेक्षण, बाढ़ पीड़ितों को दी राहत सामग्री
सीएम योगी ने वाराणसी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और राहत शिविरों में पीड़ितों से मुलाकात कर ...और पढ़ें
HighLights
सीएम योगी ने वाराणसी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया।
राहत शिविरों में बाढ़ पीड़ितों से मिलकर सामग्री वितरित की।
किसानों को फसल क्षतिपूर्ति और बेघरों को आवास का आश्वासन।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। राहत शिविर में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की। प्रभावित परिवारों का कुशलक्षेम पूछा। भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने सलारपुर स्थित विद्याविहार इंटर कालेज बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की।
सीएम ने कहा गत वर्ष भी उनके द्वारा इसी विद्यालय में राहत कार्यों का निरीक्षण करने के साथ राहत सामग्री वितरित किया था। कहा वरुणा में बैक फ्लो से जलजमाव की समस्या निचले क्षेत्रों में खड़ी हो जाती है। पहले बरसात के इस समय में 40-45 जनपद प्रभावित होते थे, लेकिन पिछले साढ़े नौ वर्षों के कार्यकाल की ही देन है की आज केवल 14 जिले ही थोड़ा बहुत प्रभावित हो रहे हैं।

बच्चे मस्तिष्क ज्वर से पीड़ित होते थे, लेकिन आज ये सब पूरी तरह नियंत्रित किया गया है। आज जिला प्रशासन व पार्टी के प्रयास से युद्धस्तर पर कार्य करते हुए राहत सामग्री वितरित की जा रही है। आज काशी नई काशी बनते हुए नए कलेवर को संजोई है। काशी विश्वनाथ धाम, घाट, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, एयरपोर्ट, सड़क चौड़ीकरण, रिंग रोड ने काशी को नई काशी की गरिमा दी है।
आज आपदा राहत शिविर में बच्चों को दूध के साथ फल, अनाज, बाल्टी, मग, बिस्किट, नमक, तौलिया, तेल समेत 26 आइटम दिए जा रहे हैं। ये सभी पैसा प्रधानमंत्री के द्वारा दिया गया है। पिछली सरकारों में यही पैसा सरकारें खा जाती थीं। जिन किसानों की फसल डूबी है उनको भी मुआवजा हेतु निर्देशित किया गया है।

मकान गिरने, आकाशीय बिजली, सर्पदंश सबको आपदा में शामिल करते हुए परिवार को 24 घंटे के अंदर चार लाख लोगों के लिए वितरण की व्यवस्था कर दी गई है। बेघर को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास योजना देने हेतु भी निर्देशित किया गया है। अच्छी सरकारें अच्छा कार्य लेकर आती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, 16 वार्ड में 567 परिवार प्रभावित हैं। 48 नावों को लगाकर सेवा ली जा रही है। चिकित्सा हेतु आयुष्मान कार्ड दिए जा रहे हैं। 1131 किसानों की फसल क्षतिग्रस्त हुई है। बाढ़ का पानी नीचे जाता है तो उचित छिड़काव किया जाएगा ताकि कोई भी बीमारी पैर नहीं पसारने पाए। ये सब इसलिये संभव है कि आपने एक योग्य सांसद को चुनकर संसद भेजकर देश का प्रधानमंत्री बनाया है। संकट की घड़ी में आप अकेले नहीं है, पूरी सरकार आपके साथ हमेशा खड़ी है ये मै आप सभी को आश्वत करता हूं।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान स्वतंत्रता सेनानी जग्गू राम मौर्य की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बाढ़ राहत शिविर का बारीकी से स्थलीय निरीक्षण करते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं को देखा। वहां मौजूद नौनिहालों को स्नेह देते हुए उनसे उनकी पढ़ाई के बारे में भी जानकारी ली।
इसके बाद सीएम ने काशी के कोतवाल कालभैरव के साथ ही काशी विश्वनाथ का दर्शन किया। मुख्यमंत्री को पहले आठ सितंबर को काशी आना था, लेकिन पीएम का मेयर और डीएम के पास फोन आने का परिणाम कह सकते हैं कि सीएम तीन दिन पहले ही पीएम के संसदीय क्षेत्र काशी आ पहुंचे।
