Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    वाराणसी में कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बोले, राहुल गांधी अमेठी से लड़ें चुनाव; जनता की मांग

    By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
    Updated: Sat, 19 Aug 2023 04:00 PM (IST)

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बनारस आए अजय राय ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा की अमेठी की जनता की मांग है कि राहुल गांधी अमेठी से ...और पढ़ें

    कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय। -जागरण
    कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय। -जागरण

    वाराणसी, जागरण संवाददाता। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लड़ सकते हैं। यह अमेठी की जनता की चाहत और मांग है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बनारस आए अजय राय लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के बाहर पत्रकारों से बात कर रहे थे। राहुल गांधी को लेकर अमेठी की भाजपा सांसद स्मृति इरानी के हमलावर होने के सवाल पर कहा कि वह बौखलाई हुई हैं। चुनाव से पहले उन्होंने कहा था कि चीनी 13 रुपये किलो मिलेगी, क्या वह दिलवा पाईं। प्रियंका वाड्रा क्या बनारस से लोकसभा चुनाव लड़ेंगी?

    इस सवाल पर अजय राय ने जवाब दिया कि वह बनारस तो क्या, देश की किसी भी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ती हैं तो एक-एक कार्यकर्ता अपनी जान लड़ा देंगे और जीत दिलाएंगे। आप यहीं पर देख लीजिए, गांव-गिरांव के कार्यकर्ता खड़े हैं। काशी महादेव की धरती है। महादेव की धरती से यह बिगुल (प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाना) बजा है। इसका असर आपको पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। स्व. पंडित कमलापति त्रिपाठी के बाद पहली बार बनारस से किसी को प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

    अजय राय ने कहा कि इस समय देश में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी और महंगाई है। सरकार ईडी, सीबीआइ का डर दिखाकर विपक्ष के नेताओं की आवाज दबा रही है। उन पर भाजपा में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है। अजय राय ने खुद को राहुल गांधी का सिपाही और कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और नफरत की राजनीति के खिलाफ चंदौली से गाजियाबाद तक पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि वह सबसे पहले बलिदानियों की धरती गाजीपुर को नमन करने जा रहे हैं।

    लालबहादुर शास्त्री व पं. कमलापति को दी पुष्पांजलि

    कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इंग्लिशिया लाइन स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इससे पूर्व कांग्रेसियों ने प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद प्रथम काशी आगमन पर लाल बहादुर शास्त्री हवाईअड्डा बाबतपुर पर उनका भव्य स्वागत किया। उन्होंने वहां आगमन हाल में लगी पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं का अभिनंदन स्वीकार किया। गिलट बाजार समेत अन्य स्थलों पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। ढोल नगाड़े भी बजे। स्वागत करने वालों में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेंद्र चौबे, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा, प्रो. सतीश राय, अजीत सिंह, शैलेंद्र सिंह, पंडित राजन दूबे, डा. प्रमोद पांडेय, इमरान खान आदि रहे।

    खबरें और भी