विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट पर रनवे सुरक्षा में बड़ी चूक के बाद डीजीसीए का कड़ा रुख, ऑपरेशंस डिपार्टमेंट को निगरानी का ज‍िम्‍मा

By Naushad KhanEdited By: Abhishek sharma
Updated: Fri, 21 Aug 2026 06:49 PM (IST)

डीजीसीए ने वाराणसी एयरपोर्ट पर रनवे पर मलबा मिलने के बाद सुरक्षा मानकों पर कड़ा रुख अपनाया है। अब रनवे की निगरानी की जिम्मेदारी ऑपरेशंस डिपार्टमेंट को सौंपी गई है और विस्तार कार्यों को भी गति दी जा रही है।

वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा चूक के बाद डीजीसीए का सख्त एक्शन, रनवे निगरानी की नई जिम्मेदारी।

वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा चूक के बाद डीजीसीए का सख्त एक्शन, रनवे निगरानी की नई जिम्मेदारी।

HighLights

  1. डीजीसीए ने वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा मानकों पर कड़ा रुख अपनाया।

  2. रनवे पर मलबा मिलने से तीन घंटे के लिए बंद हुआ।

  3. रनवे निगरानी की जिम्मेदारी अब ऑपरेशंस डिपार्टमेंट को सौंपी गई।

जागरण संवाददाता, (बाबतपुर) वाराणसी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा मानकों और विकास कार्यों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। रनवे पर मलबा (एफ़ ओ डी) मिलने की गंभीर घटना के बाद डीजीसीए ने एयरपोर्ट के ऑपरेशंस डिपार्टमेंट (संचालन विभाग) को रनवे की नियमित निगरानी की सीधी जिम्मेदारी सौंप दी है।

डीजीसीए के अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कर्मचारियों की कमी का हवाला देकर इस दायित्व से बचा नहीं जा सकता। डीजीसीए ने कहा है कि देश के अन्य प्रमुख हवाई अड्डों की तर्ज पर यहां भी ऑपरेशंस डिपार्टमेंट को ही रनवे की सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित करनी होगी। गौरतलब है कि अब तक वाराणसी एयरपोर्ट पर रनवे की निगरानी की यह जिम्मेदारी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) संभाल रहा था।

यह पूरा फेरबदल लगभग दस दिन पहले रनवे पर हुई एक बड़ी सुरक्षा चूक के बाद सामने आया है। दरअसल, रनवे पर निर्माण कार्य चल रहा था, जिसके बाद गिट्टी और कंक्रीट का मलबा (FOD) बिखरा रह गया था। विमानों की सुरक्षा को खतरे में देख एहतियात के तौर पर रनवे को आपातकाल में करीब तीन घंटे के लिए पूरी तरह बंद करना पड़ा था। इस दौरान उड़ानों के संचालन पर भारी असर पड़ा था, जिसे डीजीसीए ने बेहद गंभीरता से लिया था।

सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ-साथ एयरपोर्ट के विस्तार कार्यों को भी गति दी जा रही है। इसी क्रम में, रनवे के विस्तार (रनवे एक्सटेंशन) में बड़ी बाधा बन रही पुरानी बाउंड्री वॉल को डीजीसीए अधिकारियों की मौजूदगी में आखिरकार तोड़ दिया गया है। नियमानुसार, रनवे की नई बाउंड्री कुछ दिन पूर्व ही बनकर तैयार हो गई थी, लेकिन पुरानी बाउंड्री अपनी जगह पर यथावत बनी हुई थी।

पुरानी दीवार के हटने से अब रनवे के विस्तार और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने में काफी सहूलियत मिलेगी। इस प्रकार, वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षा मानकों को सुधारने और विकास कार्यों को गति देने के लिए डीजीसीए ने ठोस कदम उठाए हैं, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की संभावना कम हो सकेगी।