Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीबीएसई परीक्षा पर‍िणामों में अंकों के आसमान पर मेधा ने भरी ऊंची उड़ान, पूर्वांचल की मेधाओं ने छुआ अंकों का आसमान

    By Team VaranasiEdited By: Abhishek sharma
    Updated: Wed, 13 May 2026 04:20 PM (IST)

    सीबीएसई 12वीं के नतीजे घोषित होने के बाद वाराणसी और पूर्वांचल के स्कूलों में जश्न का माहौल है। संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की अदिति सिंह ने 99.4% अंक ...और पढ़ें

    सीबीएसई 12वीं परिणाम: वाराणसी की अदिति सिंह ने 99.4% अंक हासिल कर किया टॉप।

    सीबीएसई 12वीं परिणाम: वाराणसी की अदिति सिंह ने 99.4% अंक हासिल कर किया टॉप।

    HighLights

    1. सीबीएसई 12वीं के परिणाम बुधवार को हुए घोषित।

    2. अदिति सिंह ने 99.4% अंक प्राप्त कर किया टॉप।

    3. वाराणसी और पूर्वांचल में छात्रों ने मनाया जश्न।

    जागरण संवाददाता, वाराणसी। सीबीएसई की ओर से परीक्षा पर‍िणामों को जारी किए जाने के बाद बुधवार को स्‍कूलों में काफी गहमागहमी बनी रही। छात्र अपनी रैंक और पर‍िणाम को जानने को जहां उत्‍सुक रहे तो वहीं दूसरी ओर स्‍कूल भी मेर‍िट में आने वाले अपने छात्रों की जानकारी जुटाने में व्‍यस्‍त रहे। वाराणसी से लेकर पूर्वांचल के अन्‍य ज‍िलों तक स्‍कूलों में श‍िक्षक और छात्र खुश होकर सफलता का जश्‍न मनाते द‍िखे तो वहीं कई स्‍कूलों के पर‍िणाम के बाद पहुंचे छात्रों का मुंह भी मीठा कराया गया। 

    aditi

    केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से कक्षा 12वीं (इंटरमीडिएट) के परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित कर दिए गए। वाराणसी में  इस बार भी छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन शानदार रहा है। अभी तक की जानकारी के अनुसार, संत अतुलानंद कान्वेंट स्कूल कोईराजपुर की छात्रा अदिति सिंह ने 99.4 प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। वाराणसी क्षेत्र से एक लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसके बाद से ही परीक्षार्थियों को अपने परिणामों का बेसब्री से इंतजार था। रिजल्ट की घोषणा होते ही स्कूलों और घरों में जश्न का माहौल देखा जा रहा है। प्रधानाचार्य नीलम सिंह ने बताया कि अदिति की सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा है। यह उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन का परिणाम है।

    gyandeep

    ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल में कली तिवारी ने 94 प्रतिशत अंकों के साथ बढ़ाया मान
    सीबीएसई द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों में ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल सिरिस्ती जाल्हूपुर के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। छात्रा कली तिवारी ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। कली तिवारी के अलावा विद्यालय के अन्य छात्रों ने भी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। प्रमुख रूप से शौर्य कुमार राय, हरिश उपाध्याय और राज सिंह सहित अनेक विद्यार्थियों ने उच्च अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इस शानदार उपलब्धि से स्कूल परिसर में जश्न का माहौल है। डिप्टी डायरेक्टर सिद्धार्थ गौतम सिंह ने मेधावी छात्रों को माला पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्या प्रतिभा सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन का प्रतिफल है।

    सीबीएसई इंटरमीडिएट का रिजल्ट जारी, छात्रों में दिखा उत्साह
    बलिया: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद जिले भर में विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राएं मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से अपना रिजल्ट देखने में जुटे रहे। रिजल्ट जारी होते ही कई स्कूलों में छात्रों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क बनाई गई थी, जहां शिक्षक और कर्मचारी विद्यार्थियों को परिणाम देखने और अंकपत्र संबंधी जानकारी देने में सहयोग करते नजर आए। इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले के करीब 4600 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। सनबीम स्कूल अगरसंडा की अनीशा अल्ताफ 97 प्रतिशत अंक के साथ टापर रही हैं। दूसरे स्थान पर भी इसी स्कूल की वैष्णवी कौर ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। 95.8 प्रतिशत अंक के साथ इसी स्कूल के शौर्य गुप्ता तीसरे स्थान पर हैं। अनीशा अल्ताफ ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय और परिवार में हर्ष का माहौल है।

    खबरें और भी


    बल‍िया जनपद में 95 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण
    जनपद में 95 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध कुल 42 विद्यालय हैं। सभी स्कूलों में परिणाम को लेकर गतिविधियां तेज रहीं। सीबीएसई बोर्ड के सिटी कोऑर्डिनेटर एवं नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य शैलेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष जिले का परीक्षा परिणाम बेहतर रहा है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत और अनुशासन से ही सफलता प्राप्त होती है। अच्छे अंक प्राप्त करने वाले छात्रों के घरों में खुशी का माहौल रहा, वहीं विद्यालयों में भी सफल विद्यार्थियों को बधाई देने का सिलसिला चलता रहा। कई छात्रों ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन को दिया।

    सीबीएसई 12 वीं का परीक्षा परिणाम जारी, 3953 परीक्षार्थी हुए थे परीक्षा में शामिल
    मीरजापुर : सीबीएसई 12 वीं की बुधवार को जारी परीक्षा परिणाम में लायंस स्कूल की जोया सिद्दीकी व एसएन पब्लिक स्कूल की तान्या केसरी 97.6 प्रतिशत अंक पाकर संयुक्त रूप से जिले में टाप किया है। इसके साथ ही सेमफोर्ड स्कूल, बड़ी बसई की छात्रा कवलिन सरना ने 97 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय में टाप किया है। इसके साथ ही लायंस स्कूल की रितिका गुप्त ने 96.8 प्रतिशत, सक्षम तिवारी ने 95.4, सृष्टि पांडेय ने 95.4, दिव्यांशी श्रीवास्तव ने 95.2, अनन्या अग्रवाल 94.6, रिद्धि अग्रवाल 94.6, सप्तर्षि मिश्रा 94.4, पीयूष दुबे 94.4, श्रेया गुप्ता 93.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। बुधवार को दोपहर में परिणाम जारी होते ही छात्र-छात्राओं ने माेबाइल पर अपना-अपना परीक्षा परिणाम देखा। परीक्षा परिणाम देखने के बाद सफल छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं गत 17 फरवरी से शुरू होकर दस अप्रैल तक सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में चली थीं। लायंस स्कूल के प्रधानाचार्य सिटी कोआर्डिनेटर डा. एनके पांडेय ने बताया कि कक्षा 12 में कुल 3953 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। सभी ने जनपद के लायंस स्कूल लालडिग्गी, लायंस पब्लिक स्कूल भुजवा की चौकी, डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, वर्धमान पब्लिक स्कूल, शेमफोर्ड स्कूल, सेंट जेवियर्स, कछवां क्रिश्चियन स्कूल, पं. राम किंकर विद्यालय कछवां, सविता मेमोरियल स्कूल चुनार और सेंट थामस स्कूल चुनार में परीक्षा दी थी।

    सीबीएसई 12 वीं का परीक्षा परिणाम घोषित, 4,746 परीक्षार्थी हुए थे परीक्षा में शामिल
    चंदौली: जिले में सीबीएसई की परीक्षा के लिए सरकारी और निजी कुल 46 विद्यालय है। इनमें 12वीं के लगभग 4,746 विद्यार्थी पंजीकृत थे। कुल 4,705 परीक्षार्थी उपस्थित हुए थे, जबकि 41 छात्र अनुपस्थित रहे। इस सत्र के लिए जिले में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जिले में सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर सेंट जान स्कूल के प्रधानाचार्य डा. विनीत कुमार ने बताया कि जिले में जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, राजकीय और अन्य 46 सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालय हैं। इनमें 12वीं के पंजीकृत चार हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है।

    सीबीएसई 12 वीं में सृष्टि राय ने 97.4 अंक से किया टाप
    गाजीपुर : सीबीएसई 12 वीं का परीक्षा परिणाम बुधवार को जारी हो गया। शाहफैज पब्लिक स्कूल की विज्ञान वर्ग की छात्रा सृष्टि राय ने 97.4 प्रतिशत अंक से जिला टाप किया है। शाहफैज पब्लिक स्कूल, सनबीम स्कूल, माऊंट लिट्रा जी स्कूल, डालिम्स सनबीम, रामदूत पब्लिक स्कूल, एवरग्रीन, केंद्रीय विद्यालय व नवोदय विद्यालय के बच्चों का रिजल्ट अच्छा है। जनपद में 5882 विद्यार्थी पंजीकृत थे।

    डीबीएस इंटर कालेज की भ्रामरी सिंह ने 97.6 प्रतिशत अंक पाकर लहराया परचम
    जौनपुर : सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) 12 वीं का परीक्षा परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया गया। लंबे समय से इंतजार के बाद आए परिणाम को देख सफल परीक्षार्थी खुशी से झूम उठे। इसमें डीबीएस इंटर कालेज की भ्रामरी सिंह ने 97.6 प्रतिशत अंक हासिल कर परचम लहराया। परीक्षा जिले के 22 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में हुई थी। जनपद के 107 विद्यालयों के 6559 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। घोषित परीक्षा परिणाम में कई विद्यालयों के शत-प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए हैं।

    सोनांचल में सीबीएसई 12वीं परीक्षा परिणाम में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थी भी आगे
    सोनभद्र: केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी शक्तिनगर का सीबीएसई बोर्ड कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम इस वर्ष उत्कृष्ट रहा। विद्यालय के सभी विद्यार्थी अच्छे अंकों के साथ उत्तीर्ण हुए और विद्यालय ने शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
    विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए। विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय की प्राचार्या प्रीति शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। वहीं शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में कुल 44 छात्र 12वीं परीक्षा में शामिल हुए जो 100 प्रतिशत उत्तीर्ण रहे।

    96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर इशिता बनी जिले की टापर
    भदोही : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 12वीं का परीक्षा परिणाम बुधवार को आते ही छात्र-छात्राओं सहित उनके अभिभावक खुशी से झूम उठे। अच्छे अंकों से सफलता हासिल कर टाप टेन में नाम दर्ज कराने वाले बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। इंटरमीडिएट के परिणाम में वुडवर्ड पब्लिक स्कूल भदोही की छात्रा इशिता गुप्ता ने 96.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जहां जिले में प्रथम स्थान हासिल किया तो वहीं सेंट थामस स्कूल ज्ञानपुर के नवीन कुशवाहा ने 96.4 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त करने में सफलता हासिल की। वुडवर्ड पब्लिक स्कूल भदोही के अंकुर श्रीवास्तव को 96 प्रतिशत अंक के साथ तीसरा स्थान मिला।