काशी में उमड़े भक्त, 4 घंटे में दो लाख से ज्यादा ने बाबा के किए दर्शन; पुलिस कमिश्नर ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल
सावन के पहले सोमवार को काशी विश्वनाथ धाम में भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां मंगला आरती के बाद से ही जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगीं। ...और पढ़ें
HighLights
सावन के पहले सोमवार को काशी विश्वनाथ में भक्तों का जनसैलाब।
सुरक्षा के लिए पुलिस ने ड्रोन से की चप्पे-चप्पे की निगरानी।
मंदिर प्रशासन ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर की पुष्पवर्षा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। आज श्रावण मास का पहला सोमवार है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए काशी में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। आज मंगला आरती के बाद से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया।
मंदिर में प्रवेश के लिए दोनों ओर से कतारें लगीं। मैदागिन से चौक होते हुए गेट नंबर 4 सिल्को गली और गेट नंबर 4-A के रास्ते, वहीं गोदौलिया से ढूंढीराज गेट नंबर 1 और नन्नू फरिया लेन से भक्त लगातार मंदिर परिसर में पहुंच रहे हैं।
इस बीच भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट मोड में रही। पुलिस के सभी वरिष्ठ अधिकारी सुबह से ही नंदी चौक गोदौलिया पर मोर्चा संभाले हुए हैं।
वहीं दशाश्वमेध घाट से नंदी चौक और नंदी चौक से गेट नंबर 4 तक ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की गई। प्रशासन द्वारा जारी ड्रोन वीडियो में कतारबद्ध श्रद्धालु साफ दिखे।

प्रशासन ने कांवड़ियों पर की पुष्प वर्षा
जलाभिषेक के लिए दूर-दूर से पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का मंदिर प्रशासन ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में मंडलायुक्त वाराणसी मंडल एस राजलिंगम, मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर विश्व भूषण मिश्रा, डिप्टी कलेक्टर, नायब तहसीलदार तथा मंदिर प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


अधिकारियों ने भक्तों पर फूल बरसाकर उनकी आस्था का सम्मान किया और सकुशल दर्शन-पूजन की शुभकामनाएं दीं। मंदिर परिसर में सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।
-1785723554216.jpeg)
बैरिकेटिंग, जिग-जैग और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती से श्रद्धालु सुगमता से बाबा विश्वेश्वर का जलाभिषेक कर सकें। प्रशासन के अनुसार, सावन के प्रथम सोमवार पर मंगला आरती के बाद 4 बजे से सुबह 8 बजे तक 2 लाख 35 हजार 200 भक्त बाबा के दर्शन कर चुके हैं। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की है।
