Raksha Bandhan 2026: आज पूरे दिन भाई की कलाई पर राखी बांध सकेंगी बहनें, बेहद खास हैं ये 3 शुभ मुहूर्त
रक्षाबंधन पर 28 अगस्त को बहनें पूरे दिन भाइयों की कलाई पर राखी बांध सकेंगी, क्योंकि इस दिन भद्रा दोष नहीं रहेगा।

रक्षाबंधन पर इन तीन शुभ मुहूर्त में बांधे राखी।
HighLights
28 अगस्त को पूरे दिन बांध सकेंगे राखी।
भद्रा दोष समाप्त, उदयातिथि में पूर्णिमा।
सुबह 6.23 से 9.48 बजे तक सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। रक्षाबंधन पर आज भाई की कलाई पर बहनें पूरे दिन राखी बांध सकेंगी। बहनों को राखी बांधने के लिए किसी भद्रा दोष का सामना नहीं करना पड़ेगा और पूरे दिन रक्षाबंधन का पर्व उल्लासपूर्वक मनाया जा सकेगा।
ज्योतिषाचार्य पं. ऋषि द्विवेदी के अनुसार पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 8.33 बजे शुरू हो गयी है, जो 28 अगस्त को सुबह 9.19 बजे तक रहेगी। 28 अगस्त को स्नान-दान के साथ राखी पूर्णिमा मनाई जाएगी।
धर्मशास्त्रों के अनुसार रक्षाबंधन के लिए अपराह्न काल से प्रदोष काल (सूर्यास्त के तुरंत बाद डेढ़ से दो घंटे का समय) तक का समय शुभ माना गया है। बताया कि 27 अगस्त को सुबह 8.33 बजे से पूर्णिमा के साथ ही भद्रा भी शुरू हो गई थी, जो रात 8:56 बजे समाप्त हो गई।
शास्त्रों में भद्रा काल में रक्षाबंधन और होलिका दहन वर्जित बताया गया है। ऐसे में 28 अगस्त को सुबह से पूरा दिन बहनें भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांध सकेंगी।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि 28 अगस्त शुक्रवार को उदयातिथि की पूर्णिमा भद्रारहित प्राप्त हो रही है, जिससे पूरे दिन रक्षा सूत्र बांधा जा सकेगा।
- सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त- सुबह 6.23 बजे से 9.48 बजे तक।
- अभिजीत मुहूर्त- दोपहर 12.14 बजे से दोपहर 01.05 बजे तक।
- गोधूलि मुहूर्त- शाम 06.57 बजे से शाम 07.19 बजे तक।
यह भी पढ़ें- नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए काशी के दशाश्वमेध घाट पर की गई विशेष आरती, दीपदान कर स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना
