शनि ने रेवती नक्षत्र में कर लिया है प्रवेश, कर्मों के हिसाब-किताब का लिखा जाएगा नया अध्याय, जान लें क्या होगा बड़ा बदलाव
शनि देव ने 17 मई 2026 को रेवती नक्षत्र में प्रवेश कर लिया है, जिसका प्रभाव 9 अक्टूबर 2026 तक रहेगा। यह गोचर कर्म, व्यापार, वित्त और मानसिक स्थिति पर ग ...और पढ़ें

शनि का रेवती नक्षत्र में गोचर: कर्मों का हिसाब, व्यापार और जीवन में बड़े बदलाव।
HighLights
शनि का रेवती नक्षत्र में प्रवेश 17 मई 2026 को।
कर्म, व्यापार, वित्त पर गहरा प्रभाव पड़ेगा।
जीवन में शुद्धिकरण और बड़े बदलाव का समय।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। ज्योतिषाचार्य आचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री ने बताया कि 17 मई 2026 को कर्मफल दाता और न्याय के अधिपति शनि देव रेवती नक्षत्र में प्रवेश कर चुके हैं। यह गोचर लगभग 145 दिनों तक, यानी 9 अक्टूबर 2026 तक रहेगा। शनि का यह परिवर्तन साधारण नहीं होगा, क्योंकि रेवती नक्षत्र बुध के अधीन और गुरु की राशि मीन में स्थित है। इस प्रकार, शनि का यह गोचर व्यापार, वाणी, व्यवहार, मानसिकता, निर्णय क्षमता और कर्मों के परिणामों पर गहरा प्रभाव डाल सकता है।
रेवती नक्षत्र में प्रवेश करते ही शनि मानो जीवन के अधूरे अध्यायों को खोलना शुरू करते हैं। यह समय पुराने कर्मों, अधूरे विवादों और बीते हुए निर्णयों का हिसाब मांगने वाला माना जाता है। जो बातें वर्षों से टल रही थीं, उनका समाधान या परिणाम अचानक सामने आने लगता है।
रेवती में शनि का प्रवास विसर्जन और शुद्धिकरण का काल होता है। शनि देव अक्सर “विसर्जन” की प्रक्रिया को सक्रिय करते हैं। पुरानी परंपराएं, जर्जर व्यवस्थाएं, अप्रासंगिक नियम और दिखावटी ढांचे धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ सकते हैं। यह समय बाहरी चमक से अधिक आंतरिक शुद्धि पर जोर देता है।
शनि की यह स्थिति एक कठोर “क्लीनिंग प्रोसेस” की तरह कार्य कर सकती है, जहां जीवन से वह सब हटने लगता है जो अब उपयोगी नहीं रह गया। कई लोगों को संबंधों, व्यापार, करियर और मानसिक सोच में बड़े परिवर्तन देखने को मिल सकते हैं।
खबरें और भी
व्यापार और वित्त पर शनि का विशेष प्रभाव देखने को मिलेगा। बुध के नक्षत्र में स्थित शनि व्यापारिक अनुशासन को बढ़ाने का कार्य करेंगे। फाइनेंस, अकाउंटिंग, बैंकिंग और टैक्स व्यवस्था में कठोर नियम या सुधार देखने को मिल सकते हैं। पुराने कर्जों की वसूली तेज हो सकती है तथा आर्थिक अनियमितताओं पर सख्ती बढ़ सकती है।
ईमानदारी और धैर्य से कार्य करने वालों को धीरे-धीरे स्थायी सफलता मिलने के संकेत बनते हैं। विशेष रूप से रियल एस्टेट, भूमि, निर्माण, इंफ्रास्ट्रक्चर और दीर्घकालिक निवेश से जुड़े क्षेत्रों में अवसर उत्पन्न हो सकते हैं।
विदेशी व्यापार, मल्टीनेशनल कंपनियों, इंपोर्ट-एक्सपोर्ट और फाइनेंस सेक्टर से जुड़े लोगों के लिए यह समय नई संभावनाएं लेकर आ सकता है। साथ ही कंसलटेंसी, शिक्षण, लेखन, भाषण और वाणी आधारित कार्यों में भी लाभ के योग प्रबल हो सकते हैं।
रेवती का शनि यह स्पष्ट संकेत देता है कि अब केवल दिखावे या शॉर्टकट से काम नहीं चलेगा। जो व्यक्ति मेहनत, अनुशासन और सत्यनिष्ठा के मार्ग पर चलेंगे, वही लंबे समय तक टिक पाएंगे।
शेयर मार्केट और निवेश क्षेत्रों में अनिश्चितता एवं उतार-चढ़ाव बढ़ सकते हैं। लोगों की मानसिक स्थिति, निर्णय क्षमता और धैर्य की परीक्षा होती दिखाई दे सकती है। शनि का यह गोचर जल तत्व से जुड़े मामलों को भी प्रभावित कर सकता है।
समुद्री सीमाओं, जलमार्गों और तटीय सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रों में हलचल बढ़ सकती है। अत्यधिक वर्षा, तूफान, समुद्री चक्रवात, आंधी और जलजनित आपदाओं की घटनाओं में वृद्धि देखने को मिल सकती है। विशेष रूप से तटीय क्षेत्रों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता रहेगी।
स्वास्थ्य और मानसिक प्रभाव के संदर्भ में, रेवती में शनि मानसिक थकान, अनिद्रा, चिंता, वात रोग तथा भटकाव जैसी स्थितियों को बढ़ा सकते हैं। व्यभिचार, भ्रम और मानसिक असंतुलन से उत्पन्न समस्याएं भी समाज में चर्चा का विषय बन सकती हैं। इस अवधि में ध्यान, संयम, सात्विक जीवनशैली और धैर्य सबसे बड़ा सुरक्षा कवच सिद्ध हो सकते हैं।
संभावित बड़े संकेतों में ऐतिहासिक या कठोर प्रशासनिक फैसले देखने को मिल सकते हैं। आईटी, मीडिया और डिजिटल सेक्टर में बड़े बदलाव संभव हैं। आर्थिक नीतियों में सख्ती और पारदर्शिता बढ़ सकती है। कर्मों का परिणाम अपेक्षा से अधिक तीव्र गति से मिलने लगेगा।
रेवती नक्षत्र का शनि अंत का संकेत नहीं देता, बल्कि यह उस सफाई का समय होता है जिसके बाद जीवन एक नए अध्याय की ओर बढ़ता है। जो लोग अपने कर्म, वाणी और व्यवहार को संतुलित रखेंगे, उनके लिए यह गोचर कठिन होकर भी अंततः लाभकारी सिद्ध हो सकता है।