विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आसमान में दिखे राफेल या सुखोई, पंखों और बनावट से ऐसे पहचानें लड़ाकू विमान

By Prakash PandeyEdited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 22 Oct 2026 11:17 AM (IST)

यह लेख बताता है कि वाराणसी एयर शो के दौरान भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों जैसे राफेल, सुखोई और तेजस ...और पढ़ें

आसमान में उड़ते लड़ाकू विमानों को पहचानें: राफेल, सुखोई और तेजस की खास बनावट।

आसमान में उड़ते लड़ाकू विमानों को पहचानें: राफेल, सुखोई और तेजस की खास बनावट।

HighLights

  1. राफेल: आगे छोटे पंख और दो इंजन से पहचानें।

  2. तेजस: छोटा आकार, एक इंजन और पीछे फैले पंख।

  3. सुखोई-30: बड़ा विमान, दो इंजन और दो पूंछ इसकी पहचान।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। बनारस में भारतीय वायुसेना के एयर शो का रोमांच नमो घाट के साथ घरों की छतों से भी दिखाई देगा। गंगा के ऊपर से गुजरते विमानों को देखकर मन में सवाल जरूर उठेगा कि आसमान में उड़ रहा विमान राफेल है, सुखोई या तेजस। दूर से विमान का नाम पढ़ना तो संभव नहीं, लेकिन उसकी बनावट पर नजर डालें तो पहचानना आसान हो सकता है। हर विमान के पंख, इंजन और पूंछ उसे दूसरों से अलग बनाते हैं।

राफेल : आगे की ओर निकले छोटे पंख
राफेल को पहचानने के लिए उसके मुख्य पंखों के साथ आगे की ओर निकले दो छोटे पंखों पर नजर डालें। ये कॉकपिट के पास लगे होते हैं। विमान में दो इंजन हैं। नीचे से देखने पर इसके दोनों तरफ फैले बड़े पंख और आगे के छोटे पंख एक अलग बनावट बनाते हैं। यही छोटे पंख इसे मिराज-2000 से अलग पहचानने में मदद करते हैं।

यह भी पढ़ें : Air Show In Varanasi LIVE : वाराणसी में एयर शो शुरू, युद्धक व‍िमान काशी की पौराणि‍क थीम पर आकाश में भर रहे गर्जना

तेजस : छोटा आकार और एक इंजन
स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस आकार में दूसरे कई लड़ाकू विमानों से छोटा दिखाई देता है। इसके पंख पीछे की ओर फैले होते हैं और आगे कॉकपिट के पास अलग से छोटे पंख नहीं होते। इसमें एक इंजन लगा है। नीचे से देखने पर इसका एक मुख्य शरीर और दोनों ओर फैले पंख नजर आते हैं। इसका छोटा आकार और एक इंजन इसकी पहचान के प्रमुख संकेत हैं।

सुखोई-30 एमकेआई : बड़ा विमान, दो इंजन और दो पूंछ
सुखोई-30 एमकेआई आकार में काफी बड़ा लड़ाकू विमान है। इसमें दो इंजन और पीछे दो ऊंचे पूंछ वाले पंख हैं। कॉकपिट के पास आगे की ओर भी छोटे पंख निकले होते हैं। नीचे से देखने पर इसका चौड़ा शरीर और दोनों तरफ फैले पंख इसे दूसरे विमानों से अलग दिखाते हैं। आकार और दो पूंछ के कारण इसे पहचानने में मदद मिल सकती है।

मिराज-2000 : आगे छोटे पंख नहीं, पीछे एक पूंछ
मिराज-2000 का शरीर अपेक्षाकृत पतला है और इसके पंख पीछे की ओर फैलते हुए त्रिकोण जैसे आकार में दिखाई देते हैं। इसमें एक इंजन है और कॉकपिट के पास राफेल जैसे छोटे अतिरिक्त पंख नहीं हैं। नीचे से देखने पर इसके एक मुख्य शरीर, दोनों ओर फैले पंख और पीछे एक पूंछ पर ध्यान दें। राफेल से मिलती-जुलती बनावट के कारण इसे पहचानने के लिए थोड़ा ध्यान देना पड़ता है।

मिग-29 : दो इंजन और दो पूंछ
मिग-29 में दो इंजन लगे हैं और पीछे दो अलग-अलग ऊंचे पूंछ वाले पंख दिखाई देते हैं। इसके मुख्य पंख पीछे की ओर झुके हुए हैं। नीचे से देखने पर दोनों इंजनों के हिस्से और पीछे की दो पूंछ इसकी पहचान में मदद करते हैं। यह सुखोई-30 की तरह दो इंजन वाला है, लेकिन आकार में उससे छोटा दिखाई देता है।

जगुआर : लंबा शरीर और दो इंजन
भारतीय वायुसेना में शमशेर नाम से पहचाना जाने वाला जगुआर लंबा और अपेक्षाकृत पतला लड़ाकू विमान है। इसमें दो इंजन हैं और पीछे एक ऊंची पूंछ दिखाई देती है। इसके पंख राफेल और मिराज की तरह बड़े त्रिकोणाकार नहीं हैं, बल्कि पीछे की ओर झुके हुए हैं। नीचे से देखने पर इसका लंबा शरीर और दोनों इंजनों की बनावट इसे पहचानने में मदद करती है।

यह भी पढ़ें : काशी में चप्‍पे चप्‍पे पर कड़ा पहरा, एंटी-ड्रोन सिस्टम एक्‍ट‍िम मोड में, एटीवी और साइबर सुरक्षा टीम मुस्तैद, नदी में सुरक्षाबलों की तैनाती