वाराणसी में दिनदहाड़े अधिवक्ता के घर 51 लाख की चोरी, चौकी से 600 मीटर दूर वारदात से दहशत
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता के बंद मकान से दिनदहाड़े करीब 51 लाख रुपये नकद व आभूषणों की चोरी हो गई। अजगरा पुलिस चौकी से मात्र 600 ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
अधिवक्ता के बंद घर से 51 लाख की चोरी।
अजगरा पुलिस चौकी से मात्र 600 मीटर दूर वारदात।
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।
जागरण संवाददाता, चोलापुर, (वाराणसी)। चोलापुर थाना क्षेत्र के अजगरा पुलिस चौकी से महज 600 मीटर दूर स्थित हथियर (धाधी) गांव में शनिवार को दिनदहाड़े चोरों ने एक अधिवक्ता के बंद मकान को निशाना बनाते हुए करीब 51 लाख रुपये मूल्य के नकदी व आभूषण चोरी कर लिए।
पुलिस चौकी के इतने निकट हुई इस बड़ी वारदात चर्चा का विषय बना है।जानकारी के अनुसार हथियर (धाधी) गांव निवासी अधिवक्ता वीरेन्द्र सिंह शनिवार सुबह रोज की तरह कचहरी चले गए थे। उनकी पत्नी सुमन सिंह सुबह करीब 10 बजे घर के दोनों कमरों में ताला बंद कर हाथ का प्लास्टर कटवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर चली गई थीं।
घर पूरी तरह सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला ईंट से तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर दोनों कमरों के ताले भी तोड़ डाले। चोरों ने अलमारी में रखे करीब दो लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेट लिए। चोरी गए सामान में दो सोने की सिकड़ी, नौ जोड़ी कान के टॉप्स, आठ अंगूठियां, दो मांग टीका, दो नथिया, पायल (पैजनी), करधनी सहित अन्य बहुमूल्य आभूषण शामिल हैं।
पीड़ित परिवार ने चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 51 लाख रुपये बताई है। दोपहर करीब दो बजे जब अधिवक्ता वीरेन्द्र सिंह घर लौटे तो मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। ताले टूटे देख वह घबरा गए और पत्नी के बारे में अनहोनी की आशंका से उनकी तलाश करने लगे। बाद में फोन पर संपर्क होने पर पता चला कि उनकी पत्नी अस्पताल में हैं।
खबरें और भी
घर पहुंचने के बाद घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही एसीपी सारनाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।
यह भी पढ़ें- वाराणसी से चलने वाली 2 वंदे भारत ट्रेनों के समय में होगा बदलाव, सफर से पहले चेक कर लें टाइमिंग
स्थानीय निवासी सुशीला सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 1:30 बजे दो युवक मुंह बांधे बाइक से घर के पास से जाते दिखाई दिए थे। उस समय किसी को यह अंदाजा नहीं था कि घर के अंदर इतनी बड़ी चोरी हो चुकी है। अजगरा पुलिस चौकी से मात्र 600 मीटर की दूरी पर दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत के साथ-साथ पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। पीड़ित अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पुत्र पीयूष सिंह जो कौशांबी में पुलिस विभाग में तैनात हैं, बताया कि पीयूष की शादी बीते 28 अप्रैल को चोलापुर के अल्लोपुर गांव में हुई है, पीयूष की पत्नी मायके में है।