25 जून को वाराणसी एयरपोर्ट पर 'हब एंड स्पोक' मॉडल की होगी शुरुआत, केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू करेंगे उद्घाटन
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू 25 जून को वाराणसी एयरपोर्ट पर 'हब एंड स्पोक' व्यवस्था का उद्घाटन करेंगे। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
केंद्रीय मंत्री 25 जून को हब एंड स्पोक का उद्घाटन करेंगे।
यात्री वाराणसी से सीधे लंदन के लिए उड़ान भर सकेंगे।
यह देश का पहला हब एंड स्पोक एयरपोर्ट होगा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से पूर्वांचल और देश के विमानन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। आगामी 25 जून को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरप्पू राम मोहन नायडू वाराणसी एयरपोर्ट पर महत्वाकांक्षी 'हब एंड स्पोक' व्यवस्था का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे।
इस नई व्यवस्था के तहत वाराणसी एयरपोर्ट एक 'प्राइमरी स्पोक' के रूप में काम करेगा, जो यात्रियों को देश के सबसे बड़े 'हब' एयरपोर्ट्स से जोड़कर अंतरराष्ट्रीय सफर को बेहद आसान बना देगा।
इस नई प्रणाली के उद्घाटन के साथ ही यहां से एयर इंडिया की विशेष उड़ान सेवा शुरू होने जा रही है। तय योजना के मुताबिक, पहली उड़ान वाराणसी से दिल्ली (हब) के लिए रवाना होगी, और फिर दिल्ली से लंदन जाने वाला विमान दिल्ली से सीधे लंदन (यूके) के लिए उड़ान भरेगा।
इस व्यवस्था से पूर्वांचल, बिहार और आसपास के यात्रियों को अब लंदन जाने के लिए दिल्ली में दोबारा चेक-इन, कस्टम, इमिग्रेशन या बैगेज ट्रांसफर की झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। उनका सामान वाराणसी से ही सीधे लंदन के लिए बुक हो जाएगा।
यूके दूतावास की टीम ने दी खास ट्रेनिंग
इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की सेवा को त्रुटिहीन बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कुछ दिन पूर्व यूनाइटेड किंगडम (UK) दूतावास के अधिकारियों के एक उच्चस्तरीय दल ने वाराणसी एयरपोर्ट का दो दिवसीय दौरा किया था।
खबरें और भी
दूतावास के अधिकारियों ने बाबतपुर एयरपोर्ट पर दो दिनों तक डेरा डालकर इमिग्रेशन विभाग (Immigration Department) और एयरलाइंस कर्मियों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विशेष ट्रेनिंग दी। इस ट्रेनिंग का मुख्य उद्देश्य डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, इंटरनेशनल पैसेंजर हैंडलिंग और सुरक्षा मानकों को वैश्विक स्तर पर अपग्रेड करना था।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने लिया तैयारियों का जायजा
यूके दूतावास के दौरे के ठीक बाद केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम ने भी वाराणसी एयरपोर्ट का निरीक्षण किया। मंत्रालय के अधिकारियों ने रनवे विस्तार, नए पैसेंजर लाउंज, अंतरराष्ट्रीय इमिग्रेशन काउंटर्स और एयर इंडिया की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। मंत्रालय ने हरी झंडी देते हुए संतोष व्यक्त किया है कि एयरपोर्ट 25 जून के मेगा लॉन्च के लिए पूरी तरह तैयार है।
क्षेत्रीय विकास को लगेंगे पंख
विमानन विशेषज्ञों के अनुसार, वाराणसी एयरपोर्ट का यह कायाकल्प उत्तर भारत के हवाई यातायात की तस्वीर बदल देगा। केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू के हाथों होने वाले इस उद्घाटन के बाद वाराणसी न केवल देश के महानगरों से बेहतर तरीके से जुड़ेगा, बल्कि वैश्विक पर्यटन और व्यापार के मानचित्र पर भी इसकी धमक और मजबूत होगी।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि हब एंड स्पोक मॉडल की शुरुआत 25 जून को माननीय विमानन मंत्री द्वारा किया जाएगा जिसकी तैयारी चल रही है। यह देश का पहला एयरपोर्ट होगा जहां से हब एंड स्पोक की शुरुआत होगी।