Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    वाराणसी में सर्राफा दुकान में लाखों की चोरी, CCTV का डीवीआर उठा ले गए चोर

    Updated: Mon, 02 Mar 2026 09:21 AM (IST)

    चोलापुर, वाराणसी के चमरहा बाजार में एक सर्राफा दुकान में देर रात चोरी हो गई। चोरों ने शटर तोड़कर लाखों के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली। ...और पढ़ें

    वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे स्थित दुकान को बनाया निशाना। जागरण

    वाराणसी-आजमगढ़ हाईवे स्थित दुकान को बनाया निशाना। जागरण

    HighLights

    1. चोलापुर के चमरहा बाजार में सर्राफा दुकान में चोरी हुई।

    2. चोरों ने लाखों के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुराई।

    3. सीसीटीवी कैमरे तोड़कर डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

    जागरण संवाददाता, चोलापुर, (वाराणसी)। चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत चमरहा बाजार में शनिवार देर रात चोरों ने एक सर्राफा दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर चांदी व सोने के जेवरात समेत नगदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर सीसीटीवी कैमरा तोड़ते हुए उसका डीवीआर भी अपने साथ ले गए।

    जानकारी के अनुसार, चोलापुर के बहलोलपुर निवासी वीरेंद्र कुमार सेठ की चमरहा बाजार में ‘सेठ जगन्नाथ राजकुमार ज्वेलर्स’ नाम से आभूषणों की दुकान है। रोज की तरह शनिवार की रात दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। भोर करीब तीन बजे काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए जा रहे उनके एक करीबी ने फोन कर सूचना दी कि दुकान का शटर खुला हुआ है और बाहर तीन-चार संदिग्ध लोग खड़े दिखाई दिए हैं।

    सूचना मिलते ही वीरेंद्र सेठ आनन-फानन में लगभग 20–30 मिनट के भीतर दुकान पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे। दुकान के अंदर का नजारा देखकर वे सन्न रह गए। सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। पीड़ित के अनुसार, चोर लगभग सात सौ ग्राम चांदी के जेवर, करीब दो हजार रुपये नगद तथा एक ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए।

    हालांकि दुकान में रखी मुख्य तिजोरी को तोड़ने में चोर सफल नहीं हो सके, लेकिन उसका हैंडल तोड़कर उसे खोलने का प्रयास जरूर किया गया था। यदि तिजोरी टूट जाती, तो कई लाख रुपये के जेवरात चोरी हो सकते थे। चोरों ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर उसका डीवीआर भी उठा ले गए।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- वाराणसी रोपवे को मिलेगी निर्बाध बिजली, 'इमरजेंसी लाइन' की भी व्यवस्था तैयार

    सूचना मिलने पर चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित दुकानदार ने थाने में लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।गौरतलब है कि 10 दिन पूर्व 18 फरवरी की रात, चमरहा बाजार में चोरों ने एक ही रात में पांच गुमटियों का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया था।

    पुलिस अभी उन घटनाओं की जांच कर ही रही थी कि चोरों ने दूसरी बड़ी वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।चमरहा बाजार वाराणसी- आजमगढ़ हाईवे पर स्थित है और पुलिस चौकी चंदापुर व चोलापुर थाने के बीच में पड़ता है। इसके बावजूद लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।