काशी की कच्ची मिट्टी से चीन तक मधु ने बिखेरी हॉकी की चमक, स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया गौरव
काशी की मधु पटेल ने चीन में आयोजित एशिया जूनियर कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक ...और पढ़ें
HighLights
मधु पटेल ने एशिया जूनियर कप हॉकी में स्वर्ण पदक जीता।
भारतीय टीम के साथ चीन में स्वर्ण पदक जीतकर गौरव बढ़ाया।
अब सीनियर भारतीय हॉकी टीम में शामिल होने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी में घर के सामने कच्चे मैदान पर हॉकी की स्टिक थामने वाली धनेसरी गांव की मधु पटेल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा की चमक बिखेर दी है। चीन में पांच से 13 सितंबर तक आयोजित एशिया जूनियर कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर मधु ने स्वर्ण पदक जीतकर वाराणसी का गौरव बढ़ाया।
कक्षा नौ में खेल प्रतिभा के दम पर मधु का चयन स्पोर्ट्स हॉस्टल लखनऊ के लिए हुआ। इसके बाद उसकी जिंदगी की दिशा ही बदल गई। पढ़ाई के साथ हॉकी उसका जुनून बन गई और मैदान पर लगातार मेहनत करते हुए उसने अंतरराष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया।
रविवार को अपने घर पर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान मधु ने चीन में खेले गए मुकाबलों के अनुभव साझा किए। उसने बताया कि प्रतियोगिता में मेजबान चीन के खिलाफ मुकाबला सबसे कड़ा रहा।
मैच से पहले टीम को विपक्षी खिलाड़ियों और उसकी रणनीति से जुड़े वीडियो दिखाए जाते थे। साथ ही टीम की मजबूती और विपक्षी टीम की कमजोरियों के बारे में बताया जाता था, ताकि मैदान पर उसी के अनुसार रणनीति बनाई जा सके।
मधु ने बताया कि एशिया जूनियर कप के प्रत्येक मुकाबले के लिए अलग रणनीति तैयार की गई। टीम ने उसी रणनीति के मुताबिक खेलते हुए शानदार प्रदर्शन किया और अंततः स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही। अब उसका लक्ष्य जल्द से जल्द सीनियर वर्ग की भारतीय टीम में जगह बनाना है।
डिफेंडर की भूमिका निभाने वाली मधु ने पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले को भी याद किया। उसने बताया कि टीम मैदान पर इसी लक्ष्य के साथ उतरी थी कि अधिक से अधिक गोल कर मुकाबले को अपने पक्ष में किया जाए। खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास से टीम ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
मधु के दादा गुलाब पटेल ने कहा कि उन्होंने हमेशा उसे पूरे मन से खेलने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। पिता सत्य नारायण और मां मुन्नी देवी ने भी हर कदम पर उसका मनोबल बढ़ाया।
हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह और सचिव केबी रावत रविवार को उसके घर पहुंचे। दोनों पदाधिकारियों ने मधु का सम्मान कर उसे उपहार भेंट किया। उन्होंने भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।