Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 14, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    UP News: काशी बना यूपी का सबसे अधिक पर्यटक वाला शहर, आंकड़ों में गोवा से भी है आगे

    By Jagran NewsEdited By: Abhishek Pandey
    Updated: Mon, 14 Aug 2023 01:10 PM (IST)

    Varanasi News पुरातनता के साथ आधुनिकता की ओर कदम बढ़ाती विश्व की सबसे प्राचीनतम नगरी काशी अपनी धरोहरों व सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ पर्यटन क ...और पढ़ें

    काशी बना यूपी का सबसे अधिक पर्यटक वाला शहर, आंकड़ों में गोवा से भी है आगे
    काशी बना यूपी का सबसे अधिक पर्यटक वाला शहर, आंकड़ों में गोवा से भी है आगे

    जागरण संवाददाता, वाराणसी : पुरातनता के साथ आधुनिकता की ओर कदम बढ़ाती विश्व की सबसे प्राचीनतम नगरी काशी अपनी धरोहरों व सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ पर्यटन का बड़ा केंद्र बनती जा रही है।

    कोरोना के बाद श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के नव्य-भव्य स्वरूप के अस्तित्व में आने के बाद पर्यटकों की संख्या में दस गुणा वृद्धि हुई है। इससे यहां की आर्थिकी को तीव्र गति मिली है। मंदिर और घाटों के लिए प्रसिद्ध यह नगर सरकार के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने से परंपरा और आधुनिकता को साथ लेकर परिवर्तित हो रहा है।

    प्रदेश का सबसे अधिक पर्यटक वाला शहर

    वाराणसी प्रदेश में सबसे अधिक पर्यटक वाला शहर बन गया है। तुलनात्मक आंकड़े इसे गोवा से भी आगे खड़ा करते हैं। वर्ष 2022 तक मथुरा 6.5 करोड़ पर्यटकों के साथ प्रदेश की सूची में सबसे ऊपर था। इसके बाद ताज नगरी आगरा को यह स्थान मिलता रहा। वहां सबसे अधिक संख्या विदेशी पर्यटकों की है।

    राज्य पर्यटन विभाग की वेबसाइट के अनुसार, कोविड महामारी से पहले की तुलना में दस गुणा अधिक पर्यटक आ रहे हैं। 2019 में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या करीब 68 लाख थी। कोविड के दौरान 2020 में यह दस लाख से भी कम हो गई थी। 2022 में करीब 7.2 करोड़ पर्यटक वाराणसी पहुंचे। इस वर्ष सावन के ही एक महीने में यह संख्या अब तक एक करोड़ को पार कर गई है।

    10 करोड़ पर्यटक कर चुके हैं मंदिर का दौरा

    काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के सीईओ सुनील वर्मा ने बताया कि दिसंबर 2021 में गलियारे के उद्घाटन के बाद से दस करोड़ पर्यटक मंदिर का दौरा कर चुके हैं। विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती, गंगा क्रूज, काशी की सांस्कृतिक-आध्यात्मिक विरासत, गंगा घाटों का सौंदर्य और हिंदू, बौद्ध, जैन, सिख धर्मों की भी तीर्थस्थली होने के साथ विश्वभर के शिवभक्तों का लक्ष्य काशी पहुंचना होता है।

    खबरें और भी

    काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास के बाद शहर में पर्यटकों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। स्थानीय सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल ही में मन की बात में कहा था कि वाराणसी में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि 'सांस्कृतिक जागृति' का परिचायक है।