विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जापान पैरा एशियन गेम्स में काशी की सुमेधा 10 मी एयर पिस्टल में दिखाएंगी दम

Published: Mon, 19 Oct 2026 10:28 PM (IST)

काशी की पैरा शूटर सुमेधा पाठक जापान में चल रहे पैरा एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में निशाना साधेंगी।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी सुमेधा से इस बार भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीत चुकी सुमेधा से इस बार भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद।

HighLights

  1. सुमेधा पाठक 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में लेंगी हिस्सा।

  2. जापान में चल रहे पैरा एशियन गेम्स में करेंगी प्रदर्शन।

  3. विश्व पैरा शूटिंग में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं सुमेधा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। जापान में चल रहे पैरा एशियन गेम्स में काशी की पैरा शूटर सुमेधा पाठक मंगलवार को 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में निशाना साधेंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत चुकीं सुमेधा से इस बार भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

भारतीय दल में शामिल सुमेधा के लिए यह प्रतियोगिता अपने खेल कौशल को बड़े मंच पर साबित करने का अवसर है। सुमेधा के पिता बृजेश पाठक के अनुसार, स्पर्धा के पहले चरण में क्वालीफिकेशन राउंड होगा। इसमें प्रत्येक खिलाड़ी को 60 शॉट लगाने होंगे। इस चरण में सबसे अधिक अंक हासिल करने वाले आठ निशानेबाज फाइनल में जगह बनाएंगे। इसके बाद फाइनल में 24 शॉट लगाए जाएंगे, जिनके आधार पर पदक विजेताओं का फैसला होगा।

सुमेधा ने वर्ष 2018 में निशानेबाजी की शुरुआत की थी। प्री-स्टेट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपने खेल सफर का आगाज किया। इसके बाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक अपने नाम किए। वर्ष 2025 में दक्षिण कोरिया के चांगवोन में आयोजित विश्व पैरा शूटिंग प्रतियोगिता में उन्होंने व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीता था।

परिवार के सहयोग और नियमित अभ्यास के दम पर सुमेधा ने पैरा निशानेबाजी में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब काशी की निगाहें जापान में उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं।