Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बनारस से विजयवाड़ा पहुंचने में लगेंगे अब सिर्फ 1 घंटा 55 मिनट, 13 अगस्त से शुरू होगी सीधी विमान सेवा

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 06:50 AM (GMT+05:30)

    वाराणसी से विजयवाड़ा के लिए 13 अगस्त से इंडिगो की सीधी विमान सेवा शुरू होगी, जिससे पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। ...और पढ़ें

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    HighLights

    1. वाराणसी-विजयवाड़ा सीधी उड़ान 13 अगस्त से शुरू।

    2. इंडिगो की यह सेवा सप्ताह में तीन दिन।

    3. पूर्वांचल और दक्षिण भारत के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी।

    जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से दक्षिण भारत के प्रमुख शहर विजयवाड़ा के लिए अब सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस ने 13 अगस्त से इस नए रूट पर उड़ान संचालन की घोषणा कर दी है।

    इसके साथ ही कोलकाता और विजयवाड़ा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को भी वाराणसी के रास्ते बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। नई उड़ान शुरू होने से पूर्वांचल के यात्रियों को आंध्र प्रदेश के प्रमुख शहर विजयवाड़ा तक पहुंचने के लिए अब लंबी कनेक्टिंग यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।

    विमान करीब एक घंटा 55 मिनट में वाराणसी से विजयवाड़ा पहुंच जाएगा। इससे व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और धार्मिक यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। वर्तमान में इस रूट पर कोई सीधी विमान सेवा उपलब्ध नहीं है। इंडिगो की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार संचालित होगी।

    ये होगा शेड्यूल

    फ्लाइट संख्या 6ई-6501 वाराणसी से दोपहर 3:55 बजे उड़ान भरकर शाम 5:50 बजे विजयवाड़ा पहुंचेगी। वापसी में फ्लाइट 6ई-6502 विजयवाड़ा से शाम 6:20 बजे रवाना होकर रात 8:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसी विमान से कोलकाता और विजयवाड़ा के बीच भी कनेक्टिंग सेवा उपलब्ध होगी।

    खबरें और भी

    कोलकाता से विमान दोपहर 2:10 बजे उड़ान भरकर वाराणसी होते हुए शाम 5:50 बजे विजयवाड़ा पहुंचेगा। वापसी में विमान विजयवाड़ा से शाम 6:20 बजे प्रस्थान करेगा और वाराणसी होकर रात 10:15 बजे कोलकाता पहुंचेगा।

    एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार उड़ान का शेड्यूल जारी कर दिया गया है तथा टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। नई सेवा शुरू होने से पूर्वांचल और दक्षिण भारत के बीच हवाई संपर्क और मजबूत होगा। साथ ही इस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों का समय बचेगा और उन्हें कनेक्टिंग फ्लाइट के लंबे इंतजार से भी राहत मिलेगी।

    यह भी पढ़ें- वाराणसी एयरपोर्ट पर टनल की केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने दी जानकारी, तीन लेन की सड़क के ऊपर से गुजरेगा व‍िमान का रनवे