अग्निवीर भर्ती: जुलाई में रानीखेत में होगा शारीरिक दक्षता परीक्षण, तैयारी में जुटें युवा
अग्निवीर बनने के इच्छुक युवाओं के लिए ऑनलाइन परीक्षा के बाद अब जुलाई के दूसरे सप्ताह में शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। रानीखेत के सोमनाथ मैदान में होने ...और पढ़ें

सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल महेश कुमार। जागरण
HighLights
अग्निवीर शारीरिक दक्षता परीक्षा जुलाई के दूसरे सप्ताह में
रानीखेत के सोमनाथ मैदान में होगा फिजिकल टेस्ट
अभ्यर्थियों को अभी से अभ्यास शुरू करने की सलाह
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा। भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अब अगला पड़ाव शारीरिक दक्षता परीक्षा है।
ऑनलाइन कामन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों को जुलाई के दूसरे सप्ताह में होने वाले फिजिकल टेस्ट से गुजरना होगा। सोमनाथ मैदान रानीखेत में होने वाले फिजिकल टेस्ट को लेकर तैयारी पूरी कर ली है।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के अग्निवीर अभ्यर्थियों के साथ ही उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के विभिन्न केंद्रीय और जोनल श्रेणी के अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा रानीखेत स्थित सोमनाथ ग्राउंड में आयोजित की जाएगी।
भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों को अभी से दौड़, पुल-अप्स, बैलेंस और अन्य निर्धारित शारीरिक मानकों के अनुरूप नियमित अभ्यास शुरू करने की सलाह दी है।
अधिकारियों का कहना है कि लिखित परीक्षा में सफलता के बाद फिजिकल टेस्ट ही चयन की राह तय करेगा, इसलिए तैयारी में किसी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।
सेना भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल महेश कुमार ने कहा कि भारतीय सेना में चयन के लिए लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा दोनों में सफल होना अनिवार्य है। उन्होंने युवाओं से समय का सदुपयोग करते हुए अपनी शारीरिक क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
अब सीईई परीक्षा पूरी कर चुके हजारों अभ्यर्थियों की नजर परिणाम और उसके बाद होने वाले फिजिकल टेस्ट पर टिकी है, जो सेना में भर्ती की दिशा में निर्णायक कदम साबित होगा। इन दोनों अभ्यर्थी जगह-जगह तैयारी में जुटे हुए हैं।