Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अल्मोड़ा में एटीएस इंस्पेक्टर बनकर बुजुर्ग से 8.8 लाख की ठगी, आतंकवादियों की तस्वीर भेज जेल भेजने का दिखाया डर

    Updated: Mon, 11 May 2026 12:17 PM (IST)

    अल्मोड़ा के भतरौंजखान में एक बुजुर्ग को साइबर ठगों ने एटीएस अधिकारी बनकर 8.8 लाख रुपये का चूना लगाया। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। एटीएस विभाग पुणे का अधिकारी बताकर साइबर ठगों ने भतरौंजखान थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी बुजुर्ग को जाल में फंसा 8.8 लाख की ठगी कर ली।

    ठगों ने बुजुर्ग को आतंकवादियों की तस्वीर भेज जेल भेजने का भय दिखाकर अपने जाल में फंसाया। अब पीड़ित ने पुलिस में तहरीर सौंप कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत एक अज्ञात कालर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

    भतरौंजखान थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग ने पुलिस में तहरीर सौंपी है। कहना है कि 10 मार्च 2026 को उनके मोबाइल पर एक व्हाट्सएप नंबर से संदेश आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को एटीएस विभाग पुणे का इंस्पेक्टर सुमित मिश्रा बताया।

    आरोपित ने एक मोबाइल नंबर को आतंकवादियों से जुड़ा बताते हुए कहा कि उससे पैसे ट्रांसफर हुए हैं और केस नंबर भी बताया। इसके बाद आरोपित ने कथित आतंकवादियों की तस्वीरें और फर्जी दस्तावेज भेजकर उन्हें जेल भेजने की धमकी दी।

    पीड़ित ने कहा कि आरोपितों ने खुद को जांच अधिकारी बताते हुए लगातार वीडियो काल और मैसेज के जरिए संपर्क बनाए रखा। बताया कि 10 मार्च से 13 मार्च तक उन्हें हर घंटे आई एम सेफ, नेशनल सीक्रेट इज सेफ लिखकर मैसेज भेजे।

    खबरें और भी

    इसके बाद एक और आरोपित ने दूसरे और तीसरे नंबर से संपर्क कर खुद को नया जांच अधिकारी विजय खन्ना बताया। आरोपितों ने उन्हें किसी को भी जानकारी न देने और मोबाइल सर्विलांस पर होने की बात कहकर मानसिक दबाव बनाया। बताया कि इस बीच ठगों ने उन्हें पूरी तरह अपने भरोसे पर ले लिया।

    पीड़ित ने बताया कि ठगों ने गूगल-पे अकाउंट बनवाया, बैंक कार्ड सक्रिय करवाए और जांच के नाम पर पैसे जमा कराने को कहा। 18 मार्च से 31 मार्च के बीच नौ बार में कुल 8.8 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इस दौरान ठगों को हर घंटे में मैसेज करने पड़ते थे। पीड़ित ने पुलिस से पूरे प्रकरण में जांच कर दोषियों को सजा देने की मांग की है।

    थानाध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बताया कि सुमित मिश्रा, और खन्ना व एक अज्ञात कालर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।