विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 13, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अल्मोड़ा-हल्द्वानी एनएच पर फिर दरकी पहाड़ी, आठ घंटे यातायात रहा ठप

Published: Sun, 13 Oct 2024 11:06 AM (IST)

अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्वारब के पास पहाड़ी दरकने से आठ घंटे तक यातायात बाधित रहा। भारी मात्रा में मलबा ...और पढ़ें

क्वारब के समीप पहाड़ी दरकने से एनएच पर आया बोल्डर। जागरण
क्वारब के समीप पहाड़ी दरकने से एनएच पर आया बोल्डर। जागरण

संवाद सूत्र, अल्मोड़ा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर क्वारब के समीप दरक रही पहाड़ी का स्थायी समाधान नहीं होने से मुश्किलें बढ़ते जा रही हैं। बीते शुक्रवार देर रात एक बार फिर क्वारब के समीप पहाड़ी दरक गई। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी मात्रा में मलबा आ गया। मलबा आने से एनएच पर आठ घंटे तक वाहनों के पहिए जाम हो गए। इससे यहां से गुजरने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

शनिवार सुबह करीब सात बजे एनएच पर यातायात सुचारू हो सका। जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। क्वारब के समीप इन दिनों बिन वर्षा के ही पहाड़ी लगातार दरक रही है। जिससे आवागमन करने वालों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। पहाड़ी दरकने और सड़क का एक हिस्सा धंसने से दुर्घटना की भी आशंका बनी है।

वहीं, शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक पहाड़ी फिर दरक गई। गनीमत रही कि तब कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। पहाड़ी दरकने के बाद एनएच पर आए भारी मात्रा में मलबे ने वाहनों की रफ्तार जाम कर दी। एनएच के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। रोडवेज, केएमओयू, समेत टैक्सी और कई निजी वाहन जाम में फंस गए। सूचना के बाद मौके पर लोडर मशीन भेजी गई। जिसके बाद शनिवार सुबह करीब सात बजे यातायात सुचारू हो सका।  वहीं जाम लगने से लंबी दूरी तय कर पहुंचे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

हर दिन गुजरते हैं सैकड़ों वाहन

हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग अल्मोड़ा और नैनीताल दो जिलों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। यहां से हर दिन सैकड़ों वाहन आवागमन करते हैं, लेकिन क्वारब के समीप लगातार दरक रही पहाड़ी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार दिन में भी करीब दो घंटे तक मार्ग में वाहनों का आवागमन बाधित रहा था। इसके बाद देर रात पहाड़ी दरकने से फिर यातायात ठप पड़ गया। लोग स्थायी समाधान की मांग उठा रहे हैं।

स्वाला में भू-धंसाव रोकने को योजनाबद्ध कार्य हो

चंपावत: पिथौरागढ़ से लौट रहे कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग के भूस्खलन प्रभावित स्वाला क्षेत्र का निरीक्षण किया। डीएम नवनीत पांडे से हाईवे सुधारीकरण कार्य की जानकारी ली। भू-धंसाव रोकने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए। हटाए गए मलबे को डंपिंग जोन में डालने को कहा।

डीएम पांडे ने बताया कि हाईवे का मरम्मत कार्य जारी रखते हुए पहाड़ी के ऊपर से मलबा हटाया जा रहा है। पहाड़ी के ऊपर मशीन लगाई गई है। पहाड़ी से पानी का रिसाव हो रहा है। जिसका उपचार किया जाएगा। यहां डीडीएमओ देवेंद्र पटवाल, एनएच के एई विवेक कुमार, धीरज, बृजेश कुमार, पीडी जोशी आदि मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें: अब रुड़की में मालगाड़ी को बेपटरी करने की साजिश, रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला गैस सिलिंडर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।