Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अल्मोड़ा में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, दो युवकों की मौत; घायल हायर सेंटर रेफर

    Updated: Sun, 29 Mar 2026 03:16 PM (GMT+05:30)

    अल्मोड़ा के देघाट तहसील के चिन्तोली गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो युवकों की मौत हो गई। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. अल्मोड़ा के चिन्तोली गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी

    2. हादसे में दो युवकों की दुखद मौत हुई

    3. दो अन्य गंभीर रूप से घायल, अस्पताल रेफर

    जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। तहसील देघाट के ग्राम चिन्तोली में रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम प्रहरी चन्दन सिंह ने घटना की सूचना थाना देघाट को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देघाट पहुंचाया गया।

    गांव में शोक की लहर

    सीएचसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दर्शन सिंह (24) पुत्र छोदाण सिंह एवं चन्दन सिंह (24) पुत्र प्रेम सिंह, दोनों निवासी ग्राम चिन्तोली के रूप में हुई है।

    वहीं, हादसे में घायल गोपाल सिंह (24) पुत्र गब्बर सिंह और नरेन्द्र सिंह (18) पुत्र दीवान सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया है।

    घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना के कारणों की जांच और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है।

    थाना देघाट पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

    खबरें और भी