महज आधे घंटे में अल्मोड़ा से पंतनगर पहुंचेंगे यात्री, इस दिन से शुरू होगी हेली सेवा
अल्मोड़ा और पंतनगर के बीच पवन हंस की हेली सेवा बुधवार से शुरू हो रही है। यह सेवा अल्मोड़ा के टाटिक हेलीपैड से संचालित होगी। ...और पढ़ें

महज आधे घंटे में अल्मोड़ा से पंतनगर पहुंचेंगे यात्री।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा। अब अल्मोड़ा से पंतनगर का सफर महज आधे घंटे में पूरा होगा। बुधवार से हवाई सेवा प्रदाता पवन हंस अल्मोड़ा-पंतनगर के बीच हेली सेवा शुरू करेगी। जिससे यात्रियों को जाम और लंबी यात्रा से राहत मिलने की उम्मीद है।
लंबे समय से लोग पंतनगर तक हेली सेवा की मांग कर रहे थे। उनकी यह मांग पूरी हो चुकी है। हेली सेवा अल्मोड़ा के टाटिक हेलीपैड से संचालित होकर पंतनगर तक जाएगी। वर्तमान में अल्मोड़ा से पंतनगर की सड़क दूरी 115 किलोमीटर है, जिसे तय करने में चार से पांच घंटे का समय लगता है।
पहाड़ी मार्ग और जाम के कारण कई बार यात्रियों को अधिक समय भी लग जाता है। ऐसे में यह हेली सेवा लोगों के लिए एक सुविधाजनक विकल्प साबित होगी।
पवन हंस का 11 सीटों वाला डौफिन एन हेलीकॉप्टर इस रूट पर उड़ान भरेगा। यात्रा का किराया 3800 रुपये रखा गया है, जिससे आम यात्रियों को सुगम यात्रा का विकल्प मिलेगा।
भारत सरकार की उड़ान योजना (रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम) के तहत पंतनगर-नैनीताल सेक्टर को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा जा रहा है। इससे पहले इसी योजना के तहत पवन हंस देहरादून-अल्मोड़ा-देहरादून हेली सेवा संचालित कर रहा है। अब इस सेवा का विस्तार करते हुए अल्मोड़ा-पंतनगर, पंतनगर-नैनीताल और अन्य रूट भी शुरू किए जा रहे हैं।
हेली रूट
सुबह 8:30 बजे देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से उड़ान भरकर हेलीकॉप्टर 9:25 बजे अल्मोड़ा के टाटिक हेलीपैड पहुंचेगा। इसके बाद 9:30 बजे अल्मोड़ा से उड़ान भरकर 10:00 बजे पंतनगर पहुंच जाएगा।
अल्मोड़ा-पंतनगर के बीच नई हेली सेवा शुरू होने से लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और समय की बचत होगी। -वीसी तिवारी, प्रबंधक (विपणन एवं वाणिज्य) उत्तरी क्षेत्र, पवन हंस लिमिटेड।