विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागेश्वर में नगर पालिका के कंपेक्टर मशीन यार्ड में भीषण आग, 20 लाख रुपये का नुकसान

Published: Fri, 30 Oct 2026 07:59 AM (IST)Updated: Fri, 30 Oct 2026 10:25 AM (IST)

बागेश्वर में नगर पालिका परिषद के कंपेक्टर मशीन यार्ड स्थित एमआरएफ सेंटर में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे रिसाइकिल योग्य सामग्री और मशीनों को भारी नुकसान हुआ।

HighLights

  1. बागेश्वर एमआरएफ सेंटर में गुरुवार देर रात लगी आग

  2. रिसाइकिल सामग्री, मशीनें जलकर खाक, 20 लाख का नुकसान

  3. विद्युत ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग से आग लगने का अनुमान

जागरण संवाददाता, बागेश्वर । कोतवाली के समीप नगर पालिका परिषद के कंपेक्टर मशीन यार्ड स्थित एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

इसकी चपेट में आकर सेंटर में रखी रिसाइकिल योग्य सामग्री, गोदाम का सामान और कूड़ा निस्तारण एवं प्रसंस्करण में इस्तेमाल होने वाली मशीनों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार नगर पालिका को लगभग 20 लाख रुपये की आर्थिक क्षति बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद ही हो सकेगा।

पालिका के अनुसार एमआरएफ सेंटर के निकट स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग होने के कारण आग लगी। आग की लपटें उठने से आसपास अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुरेश सिंह खेतवाल, अधिशासी अधिकारी विनोद सिंह जीना और पालिका कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड की सक्रियता से आग बुझाने का कार्य किया गया।

उपजिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार सुबह कानूनगो विजय पाल मेहता घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों से वार्ता के बाद घटना की रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुरेश सिंह खेतवाल ने आग बुझाने में फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की सक्रियता की सराहना की। उन्होंने कहा कि अचानक होने वाली ऐसी घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण पाने के लिए फायर ब्रिगेड टीम को और अधिक सक्षम बनाने के साथ ही पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें- कानपुर के बारादेवी मेला परिसर में चिंगारी से लगी आग, एक दर्जन दुकानें जलकर राख

यह भी पढ़ें- पटना की खेमनीचक सब्जी मंडी में भीषण आग, 50 से अधिक दुकानें जलकर राख; गैस सिलिंडर ब्लास्ट से मची अफरातफरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।