Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बागेश्वर के जंगलों में भीषण आग का तांडव, वन्यजीवों पर गहराया संकट

    Updated: Sat, 23 May 2026 03:34 PM (GMT+05:30)

    बागेश्वर जिले में जंगल की आग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे पर्यावरण और जैव विविधता को भारी नुकसान हो रहा है। ...और पढ़ें

    बागेश्वर के नदीगांव के जंगलों में लगी आग। सौ. ग्रामीण।

    बागेश्वर के नदीगांव के जंगलों में लगी आग। सौ. ग्रामीण।

    HighLights

    1. बागेश्वर में जंगल की आग से पर्यावरण को भारी नुकसान

    2. नदीगांव के जंगल में आग पर वन विभाग ने पाया नियंत्रण

    3. वन्यजीव सुरक्षित स्थानों की तलाश में गांवों की ओर

    जागरण संवाददाता, बागेश्वर। जिले में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बीती शुक्रवार रात नदीगांव के जंगल एक बार फिर धू-धू कर जल उठे। आग की लपटें तथा धुएं के कारण आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की फायर टीम मौके पर पहुंची तथा रातभर की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण किया।आग बुझने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

    नदीगांव के अलावा क्वैराली, धरमघर क्षेत्र के जंगलों में भी लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। जंगलों में फैल रही आग से पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है। वन संपदा के साथ-साथ जैव विविधता पर भी संकट गहराने लगा है।

    वन्यजीव सुरक्षित स्थानों की तलाश में गांवों और शहरों की ओर रुख कर रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कुछ दिनों में जंगली जानवरों की आवाजाही आबादी वाले क्षेत्रों में बढ़ी है।

    वन विभाग लगातार जनजागरूकता गोष्ठियों का आयोजन कर लोगों से जंगलों को आग से बचाने की अपील की जा रही है। बावजूद आग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।

    प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने कहा कि जंगलों को आग लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि गेहूं की फसल कटाई के बाद खेतों में डंठल जलाने के लिए आग न लगाएं।

    तेज हवा तथा आंधी के कारण खेतों की आग जंगलों तक फैल जाती है, जिससे बड़े स्तर पर नुकसान होता है।

    उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति लापरवाही या जानबूझकर आग लगाते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

    यह भी पढ़ें- बागेश्वर में फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से टली घटना, कज्युली प्राइमरी स्कूल तक पहुंचीं लपटें

    यह भी पढ़ें- Uttarakhand Wildfire: बागेश्वर के जंगल धधके, धुएं से घिरा पूरा इलाका

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: बागेश्वर के जंगलों में लगी भीषण आग, धुएं से घिरा इलाका; ग्रामीणों में दहशत

    खबरें और भी