बागेश्वर के जंगल में महिला की मौत, चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान, गुलदार के हमले की आशंका
बागेश्वर के कांडा तहसील क्षेत्र में जंगल में मवेशी चराने गई 48 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें थ ...और पढ़ें

HighLights
बागेश्वर के जंगल में 48 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत।
चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें, गुलदार के हमले का संदेह।
पुलिस और वन विभाग पोस्टमार्टम रिपोर्ट का कर रहे इंतजार।
जागरण संवाददाता, बागेश्वर। कांडा तहसील क्षेत्र के बाझीरौट, खड़खेत गांव के जंगल में मंगलवार को मवेशी चराने गई 48 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना के बाद मौके से गुलदार को भागते हुए देखने का दावा किया है। पुलिस और वन विभाग इसे प्रथम दृष्टया गुलदार का हमला मान रहे हैं, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, बाझीरौट निवासी कमला देवी, पत्नी पूरन राम, मंगलवार को गांव के 19 परिवारों के लगभग 50 से अधिक गाय, बैल और बकरियों को चराने के लिए जंगल गई थीं। उनके साथ उनके पति पूरन राम भी थे। अचानक कमला देवी की चीख सुनाई दी।
जब पति पूरन राम और पास में बकरियां चरा रहे पंकज राम मौके पर पहुंचे, तो कमला देवी लहूलुहान अवस्था में पड़ी मिलीं। दोनों ने एक गुलदार को नीचे की ओर भागते हुए देखा। उस समय क्षेत्र में तेज बारिश और घना कोहरा होने के कारण गुलदार कुछ ही देर में ओझल हो गया।
खबरें और भी
घटना की सूचना क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवान भंडारी ने पुलिस को दी। इसके बाद ग्राम प्रधान प्रकाश राम और थाना प्रभारी बलवंत कंबोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतका अपने पीछे पति और चार बच्चों का परिवार छोड़ गई हैं। उनका बड़ा पुत्र बबलू कुमार विवाहित है और परिवार के साथ बाहर रहता है। दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है, जबकि 23 वर्षीय पुत्र पुष्पेश कुमार अविवाहित है। मृतका का मायका पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग क्षेत्र के लोहाथल गांव में है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी बलवंत कंबोज ने बताया कि प्रथम दृष्टा मामला गुलदार के हमले का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकेगी। वन विभाग भी मामले की जांच में जुटा है।
प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने कहा कि दु:खद सूचना मिली है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हर पहलू की जांच होगी। पोस्टमार्टम के बाद मौत के असल कारणों का पता चलेगा। वन विभाग की टीम मौके पर है।