विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदरीनाथ धाम चढ़ावा विवाद: 10 दिन में होगा दूध का दूध पानी का पानी, वैयक्तिक सहायक अटैच

Published: Mon, 06 Jul 2026 08:59 PM (GMT+05:30)

श्री बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच समिति 10 दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

बदरीनाथ धाम।

बदरीनाथ धाम।

HighLights

  1. जांच समिति 10 दिन में सौंपेगी बदरीनाथ हेराफेरी रिपोर्ट

  2. वैयक्तिक अधिकारी प्रमोद नौटियाल देहरादून कार्यालय अटैच किए गए

  3. भैरव सेना ने सुप्रीम कोर्ट जज की निगरानी में जांच मांगी

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश/गोपेश्वर। श्री बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि बदरीनाथ धाम में दान-चढ़ावा हेरीफेरी मामले में जांच समिति 10 दिन के भीतर दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी।

कहा कि हालांकि यह चंदा या चढ़ावा चोरी का मामला नहीं है, लेकिन दान-चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच कमेटी गठित की गई है।

इस बीच दो जुलाई को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में मोबाइल के नीचे नोटों के बंडल ले जाते देखे गए वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को मंदिर समिति के देहरादून कार्यालय से अटैच्ड कर दिया गया।

इधर, धाम में चढ़ावा हेरीफेरी का आरोप लगाने वाली भैरव सेना ने मामले में विभागीय जांच को ढोंग बताया है। उन्होंने मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड की जज की निगरानी में कराने की मांग की है।

ऋषिकेश में ट्रांजिट कैंप स्थित मंदिर समिति कार्यालय में जांच कमेटी की सोमवार को हुई बैठक में दान-चढ़ावा हेराफेरी मामले में दो घंटे तक मंथन हुआ।

बैठक में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अलावा सीईओ सोहन सिंह रांगड़, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी, विधि अधिकारी एसएस बर्त्वाल, वित्त नियंत्रक हेम कांडपाल आदि मौजूद रहे।

अध्यक्ष द्विवेदी ने कहा कि तीन जुलाई को मामला सामने आते ही आठ घंटे के भीतर चार सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी गई थी, जो 10 दिन के भीतर मंदिर समिति को अपनी रिपोर्ट सौंप देगी।

कहा कि गणना केंद्र में पहले से ही सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन व्यवस्था को और पारदर्शी बनाने के लिए अब उनकी जगह हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं। कहा कि जांच किन बिंदुओं पर होगी, यह तय करना कमेटी का काम है। उनका इसमें कोई दखल नहीं है।

बैठक में जांच कमेटी के सदस्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी (केदारनाथ) डीएस भुजवाण अनुपस्थित रहे। बताया गया कि उन्हें मामले की जांच के लिए बदरीनाथ भेजा गया है।

सीईओ रांगड़ ने बताया कि वैयक्तिक सहायक प्रमोद नौटियाल को चढ़ावे के गणना कार्य व प्रोटोकाल की जिम्मेदारी से पहले ही हटाया जा चुका है। जांच प्रभावित न हो, इसलिए अब उन्हें देहरादून कार्यालय से अटैच्ड कर दिया गया है।

इधर, राजधानी देहरादून में भैरव सेना के केंद्रीय अध्यक्ष संदीप खत्री ने धाम में दो जुलाई की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग उठाई। कहा कि फुटेज में मंदिर समितिक के कर्मिक की संदिग्ध हरकत कैद है। इसके सार्वजनिक होने से दूध का दूध, पानी का पानी हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: नियमों को ताक पर रख हासिल किया प्रोटोकाल अधिकारी का पद

यह भी पढ़ें- बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: नोटों के बंडल ले जाने वाले कार्मिक को गणना से हटाया, CCTV में कैद हुई थी तस्वीर