Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बदरीनाथ हाईवे पर पगनों की पहाड़ी से आई आफत: गुलाबकोटी में 13 घंटे बंद रहा मार्ग, 10 हजार यात्री रहे फंसे

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 08:17 PM (GMT+05:30)

    बदरीनाथ हाईवे गुलाबकोटी में भारी मलबे के कारण 13 घंटे तक बंद रहा, जिससे बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जा रहे 10 हजार से अधिक यात्री फंसे रहे ...और पढ़ें

    बदरीनाथ हाईवे पर गुलाबकोटी में जेसीबी मशीन से मलबा हटाते कर्मी। जागरण

    बदरीनाथ हाईवे पर गुलाबकोटी में जेसीबी मशीन से मलबा हटाते कर्मी। जागरण

    HighLights

    1. गुलाबकोटी में बदरीनाथ हाईवे 13 घंटे तक रहा बंद

    2. 10 हजार से अधिक बदरीनाथ, हेमकुंड यात्री फंसे, भोजन-पानी की कमी

    3. चमोली में बारिश से आठ सड़कें बाधित, तीन अभी भी बंद

    संवाद सहयोगी, गोपेश्वर (चमोली)। बुधवार रात वर्षा के कारण बदरीनाथ हाईवे गुलाबकोटी में भारी मलबा आने से बाधित हो गया। सुबह तीन बजे बंद हुए हाईवे को शाम चार बजे 13 घंटे बाद सुचारू किया जा सका।

    इस दौरान बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी जा रहे 10 हजार से अधिक यात्री फंसे रहे। यात्री घंटों हाईवे खुलने का इंतजार करते रहे। इस दौरान यात्रियों को भोजन और पानी की कमी का भी सामना करना पड़ा।

    बुधवार रात वर्षा से चमोली और ज्योतिर्मठ के बीच गुलाबकोटी में हाईवे पर भारी मलबा आ गया। पगनों की पहाड़ी से नाले के साथ भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर आने से हाईवे बाधित हुआ।

    इस घटना के कारण कुछ घरों में भी मलबा और पानी घुस गया। सुबह चार बजे जब हाईवे पर आवाजाही खोली गई तो हाईवे बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

    सुबह तीन बजे हाईवे बाधित होने के लगभग तीन घंटे बाद सुबह सात बजे मलबा हटाने का कार्य शुरू किया गया। मलबा हटाने के लिए पर्याप्त मशीनें मौके पर मौजूद नहीं थीं, जिससे कार्य में देरी हुई।

    पहले एक जेसीबी से ही मलबा हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन यात्रियों के विरोध के बाद एक और मशीन लगाई गई।

    हालांकि दूसरी मशीन मलबा नहीं उठा सकी तो उसे भेज तीसरी मशीन मंगाई गई, जो उसके दो घंटे बाद मौके पर पहुंची।

    इसके बाद दोनों मशीनों से मलबे को ट्रकों के माध्यम से डंपिंग जोन में पहुंचाया गया। यहां से सीधे मलबा खाई में फेंकने से नीचे जल विद्युत परियोजना की साइट को नुकसान पहुंच सकता था।

    गुलाबकोटी में नाला वर्षा के दौरान आफत साबित होता है। यह नाला पगनों की पहाड़ियों से आता है और वर्षा के दौरान पूरे उफान पर आता है, जिससे हाईवे पर खतरा बना रहता है।

    हाईवे बाधित होने के कारण बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और फूलों की घाटी आने-जाने वाले यात्री फंसे रहे। हाईवे के खुलने में देरी के चलते पुलिस ने ज्योतिर्मठ और पीपलकोटी क्षेत्र में दोपहर बाद ट्रैफिक को रोक दिया। हाईवे खुलने के बाद यातायात सुचारू कर दिया गया है।

    भूस्खलन से तीन संपर्क मोटर मार्ग बाधित

    वर्षा से चमोली जिले में आठ सड़कें बाधित हुईं हैं। हालांकि दिनभर की मशक्कत के बाद चार सड़कें सुचारू कर दी गईं। अब भी तीन सड़कें भूस्खलन से बाधित हैं।

    रात को वर्षा से जिले में आठ संपर्क मोटर मार्ग भूस्खलन से बाधित हुए। प्रशासन ने बाधित सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनों को लगाया।

    बताया गया कि शाम तक चार सड़कें सुचारू कर दी गई हैं, जबकि अभी भी थराली ज्योनिधार मोटर मार्ग, रैस भटियाणा व बगोली कोटी मोटर मार्ग बंद हैं।

    यह भी पढ़ें- Badrinath Highway गुलाबकोटी में बंद, यात्री कर रहे रास्ता खुलने का इंतजार

    यह भी पढ़ें- चमोली : गुलाबकोटी नाले में मिला भालू का शव, पहाड़ी से गिरने से हुई मौत