Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 07, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Bharat Jodo Yatra: भारत के प्रथम गांव माणा से उत्‍तराखंड में शुरू हुई यात्रा, नहीं दिखे हरदा समेत कई बड़े नेता

    By Devendra rawatEdited By: Nirmala Bohra
    Updated: Mon, 07 Nov 2022 01:48 PM (IST)

    Bharat Jodo Yatra कांग्रेस पार्टी पूरे देश में भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में भारत के प्रथम गांव माणा से कांग्रेस ने सोमवार ...और पढ़ें

    Bharat Jodo Yatra : उत्‍तराखंड में भारत जोड़ो यात्रा शुरू।
    Bharat Jodo Yatra : उत्‍तराखंड में भारत जोड़ो यात्रा शुरू।

    टीम जागरण, चमोली : Bharat Jodo Yatra : उत्तराखंड कांग्रेस ने भारत के सीमांत गांव माणा से भारत जोड़ो यात्रा रैली शुरू की। यह रैली सुबह माणा से शुरू हुई और बदरीनाथ, जोशीमठ, पीपलकोटी, चमोली होते हुए देर सायं को गोपेश्वर नगर पहुंची।

    कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता भुवन कापड़ी, प्रदेश कांग्रेस संगठन के उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी आदि बड़े नेता इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे थे।

    कई बड़े नेता भारत जोड़ो रैली में नहीं दिखे

    इधर, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी, मनीष खंडूड़ी समेत कई बड़े नेता भारत जोड़ो रैली में नहीं दिखे, जिसे सियासी हलकों में गुटबाजी से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव को भी पहुंचना था, लेकिन प्रदेश प्रभारी कतिपय कारणों से इस यात्रा में शामिल नहीं हो पाए।

    माणा से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने भारत की एकता के आह्वान के साथ-साथ वनंतरा रिसार्ट में मारी गई युवती को न्याय दिलाने की मांग की।

    इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था भगवान भरोसे है। पहाड़ की बेटी को अभी भी न्याय नहीं मिल पाया है। मामले की सीबीआइ जांच कर उस वीवीआइपी का नाम सार्वजनिक कर कार्रवाई होनी चाहिए, जिसकी सेवा के लिए आरोपित उक्त युवती पर दबाब बना रहे थे।

    राष्ट्र की एकता को छिन्न-भिन्न करना चाहती है भाजपा

    कहा कि भारत जैसे विराट और विविधतापूर्ण खूबसूरती लिए महान राष्ट्र की एकता को भाजपा और इनसे प्रेरित ताकतें छिन्न-भिन्न करना चाहती हैं। कांग्रेस के सम्मानित नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा को जिस तरह से जनता का अपार समर्थन मिल रहा है, उसी शक्ति से उत्तराखंड कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने भी माणा से भारत यात्रा शुरू की है।

    खबरें और भी

    नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को संपूर्ण समर्थन दिया जाएगा तथा पार्टी हित में किए जाने वाले कार्यक्रमों में किसी भी प्रकार से हीलाहवाली नहीं की जाएगी। कहा कि भाजपा के झूठ को सड़क से लेकर सदन तक बेनकाब किया जाएगा उन्होंने कार्यकर्त्ताओं की ऊंचे मनोबल के साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर कांग्रेसी चुप नहीं बैठेगी।

    भुवन कापड़ी उपनेता सदन, केदारनाथ के पूर्व विधायक मनोज रावत ने भारत जोड़ो यात्रा के अपार जनसमर्थन व सफलता की बात कही। भारत जोड़ो यात्रा नगरों व कस्बों पर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का फूलमालाओं से स्वागत किया।

    इस अवसर पर पूर्व विधायक थराली प्रो. जीतराम, ब्लाक प्रमुख जोशीमठ हरीश परमार, नगर पंचायत अध्यक्ष जोशीमठ शैलेंद्र पंवार, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता व गौचर के पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश नेगी, जिला अध्यक्ष बीरेंद्र रावत, कमल रतूड़ी, विकास जुगरान, प्रमोद बिष्ट, गोविन्द सिंह, योगेन्द्र बिष्ट, लक्ष्मण पटवाल, हरिकृष्ण भट्ट, राजेश मेहता, महेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।