Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चमोली में पांडुकेश्वर क्षेत्र के जंगलों में भीषण आग लगने से मचा हड़कंप, वन संपदा को बड़ा नुकसान होने की आशंका

    Updated: Mon, 29 Dec 2025 11:04 AM (IST)

    चमोली जिले के नागनाथ रेंज और पांडुकेश्वर के जंगलों में रविवार शाम से भीषण आग लगी हुई है। तेज हवाओं और पिरुल की अधिकता के कारण आग तेजी से फैल रही है, ज ...और पढ़ें

    पांडुकेश्वर क्षेत्र के जंगलों में लगी आग

    पांडुकेश्वर क्षेत्र के जंगलों में लगी आग

    HighLights

    1. चमोली के नागनाथ रेंज और पांडुकेश्वर के जंगलों में आग।

    2. तेज हवाओं और पिरुल से आग बुझाने में कठिनाई।

    3. धुएं से स्थानीय लोगों को सांस लेने में परेशानी।

    संवाद सूत्र, जागरण, पोखरी: केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज के हापला क्षेत्र व ज्योतिर्मठ विकासखंड के पांडुकेश्वर के जंगलों में रविवार देर शाम से भीषण आग लगी हुई है। रैसू बीट के ऐला, पतरोली तथा कलसीर बीट के जखमाला, डाडागैर और कलसीर के चीड़ के जंगलों में आग लगने से वन संपदा को भारी नुकसान हुआ है।

    आग से बड़ी मात्रा में वन संपदा नष्ट हो रही है। पिरुल की अधिकता, तेज हवाओं और चट्टानी भू-भाग के कारण आग पर काबू पाने में वन विभाग के कर्मियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आग के कारण चारों ओर धुएं का गुबार छाया हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है।

    विशेषकर दमा और श्वास संबंधी रोगियों की समस्याएं बढ़ गई हैं। रैसू बीट के जंगलों में पिछले एक माह में यह तीसरी बार आग लगने की घटना है, जिससे वन विभाग की चिंताएं और बढ़ गई हैं।

    वनकर्मी एक ओर स्टाफ की कमी और क्षेत्र में भालुओं के आतंक से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर जंगलों में लग रही आग से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। आग लगने की सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी और वन दरोगा मोहन सिंह बर्त्वाल सहित वन विभाग की टीम सोमवार सुबह से ही आग बुझाने में जुटी है।

    तेज हवाओं और दुर्गम चट्टानी इलाकों के कारण आग पर काबू पाने में कठिनाइयां आ रही हैं। वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जल्द ही आग पर नियंत्रण पा लिया जाएगा।

    खबरें और भी

    दूसरी ओर, ज्योतिर्मठ विकासखंड के पांडुकेश्वर के जंगलों में भी आग धधकने से लाखों की वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। वन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी है, लेकिन आग की लपटें तेजी से फैलने और चट्टानी भाग होने से आग बुझाने में वन विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। देर शाम तक भी टीम आग बुझाने में जुटी हुई है।

    यह भी पढ़ें- बॉर्डर पर रुकेंगे भारी वाहन, कई रूट होंगे वन-वे...न्यू ईयर मनाने जा रहे हैं उत्तराखंड तो जान लें ट्रैफिक प्लान