यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 11, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बदरीनाथ स्थित एक गुफा से न्यूजीलैंड का नागरिक गिरफ्तार
बदरीनाथ धाम में अवैध रूप से रह रहे न्यूजीलैंड नागरिक हंसमैक्सलिंडामैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि वह वर्ष 2008 से भारत में रह रहा था।

बदरीनाथ, चमोली [जेएनएन]: बदरीनाथ धाम में अवैध रूप से रह रहे न्यूजीलैंड नागरिक हंसमैक्सलिंडामैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि वह वर्ष 2008 से भारत में रह रहा था। पुलिस उपाधीक्षक हरबंश सिंह के अनुसार विदेशी नागरिक के पास पासपोर्ट या वीजा नहीं मिला है। वह खाना भी नहीं खा रहा है और व्रत की बात कह रहा है। न्यूजीलैंड दूतावास को सूचना दे दी गई है। खुफिया एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार बदरीनाथ के नारायण पर्वत की गुफाओं में विदेशी नागरिक लंबे समय से रह रहा था। वह बदरीनाथ मंदिर के पास के एक आश्रम में आवाजाही करता था। एलआइयू ने बदरीनाथ में रूटीन चेकिंग के दौरान विदेशी नागरिक के मौजूद होने की जानकारी मिली तो सर्च आपरेशन चलाया।
इस दौरान बदरीनाथ के पास नारायण पर्वत की एक गुफा में विदेशी नागरिक पकड़ा गया। पकड़े गए नागरिक ने खुद को न्यूजीलैंड का बताते हुए नाम हंसमैक्सलिंडामैन बताया। इसके पास कोई भी वैधानिक दस्तावेज नहीं मिले हैं। पुलिस ने बताया कि व्रत रखने के चलते हंसमैक्सलिंडामैन के स्वास्थ्य में गिरावट आई है। पुलिस ने विदेशी नागरिक के लंबे समय से बदरीनाथ में रहने कारणों की जांच शुरू कर दी है।

