चारधाम यात्रा मार्ग में गहराया पेट्रोल संकट, ज्योतिर्मठ में यात्रियों का प्रदर्शन; प्रशासन ने संभाला मोर्चा
चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ हाईवे पर पेट्रोल-डीजल का संकट गहरा गया है, जिससे ज्योतिर्मठ और पीपलकोटी में यात्रियों को भारी परेशानी हुई। ज्योतिर्मठ म ...और पढ़ें

ज्योतिर्मठ के पेट्रोल पंप में नारेबाजी करते यात्री । जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर (चमोली)। चारधाम यात्रा के दौरान बदरीनाथ हाईवे पर पेट्रोल-डीजल संकट गहरा गया है। ज्योतिर्मठ और पीपलकोटी के कई पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ज्योतिर्मठ में पेट्रोल न मिलने से नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की। हालात बिगड़ते देख पुलिस और प्रशासन को मोर्चा संभालना पड़ा।
दरअसल, एक दिन पहले ही जिले में पर्याप्त पेट्रोल-डीजल उपलब्ध होने के दावे किए गए थे, लेकिन सोमवार को हकीकत सामने आने पर पता चला कि पेट्रोल पंप संचालकों की ओर से तेल कंपनियों का भुगतान नहीं किए जाने के कारण सप्लाई रोक दी गई थी। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप और अनुरोध के बाद कंपनियों ने फिलहाल उधार में तेल उपलब्ध कराया है।
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा के प्रमुख पड़ाव पीपलकोटी और धार्मिक पर्यटन नगरी ज्योतिर्मठ में पेट्रोल और डीजल खत्म होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। ज्योतिर्मठ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब और नीती घाटी का प्रमुख केंद्र होने के कारण यहां बड़ी संख्या में वाहन पहुंच रहे हैं।

पेट्रोल खत्म होने की सूचना मिलते ही वाहन चालक और यात्री भड़क उठे। स्थिति से घबराकर पेट्रोल पंप संचालक पंप पर ताला लगाकर चले गए। इससे गुस्साए यात्रियों ने नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस कर्मियों ने समझाने का प्रयास किया तो धक्का-मुक्की की नौबत तक आ गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हंगामा शांत न होने और हाईवे पर जाम की स्थिति बनने के बाद उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को बुलाकर रिजर्व कोटे से सीमित मात्रा में तेल वितरण कराया, जिसके बाद वाहनों को आगे रवाना किया गया।
खबरें और भी
पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि छोटे वाहनों को दो लीटर और बड़े वाहनों को पांच लीटर ईंधन उपलब्ध कराया गया। वहीं पीपलकोटी से ज्योतिर्मठ तक कई पेट्रोल पंपों पर सीमित मात्रा में ही तेल उपलब्ध होने की बात सामने आई है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि ज्योतिर्मठ और पीपलकोटी के पेट्रोल पंप संचालकों ने तेल कंपनी का भुगतान नहीं किया था। कंपनी ने उधार में सप्लाई बंद कर दी, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई।
उन्होंने बताया कि कंपनी अधिकारियों से वार्ता कर फिलहाल उधार में तेल उपलब्ध करा दिया गया है और तेल टैंकर रास्ते में हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने से दबाव अधिक है, लेकिन सप्लाई पहुंचते ही स्थिति सामान्य हो जाएगी।
यह भी पढ़ें- हरिद्वार जाम का असर: ऋषिकेश के कई पेट्रोल पंपों पर खत्म हुआ तेल, लगी लंबी कतारें
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में चारधाम और छुट्टियों की वजह से 'महाजाम', नेपाली फार्म से श्यामपुर तक रेंग रहे पर्यटक वाहन